
रांची: राजधानी में नशा माफियाओं और अवैध ड्रग्स के सौदागरों के खिलाफ रांची पुलिस ने एक बड़ा और चौतरफा अभियान चलाकर भारी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को मिली गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान तमाड़, हिन्दपीढ़ी, सुखदेवनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों से कुल 6 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से लगभग 3.9 किलोग्राम अवैध गांजा, करीब 28 ग्राम ब्राउन शुगर, नगदी और गाड़ियां बरामद की गई हैं।
1. तमाड़ में सैलून की आड़ में चल रहा था गांजे का अवैध धंधा:
पहली बड़ी कार्रवाई रांची के ग्रामीण इलाके तमाड़ में हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि माँ होटल के पास, पतरा जंगल की ओर जाने वाली सड़क के किनारे स्थित एक सैलून गुमटी में अवैध रूप से गांजे की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए SSP रांची के निर्देश और बुंडू SDPO के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने जब सैलून में छापेमारी की, तो वहां से 3.9 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दुकान मालिक तीजनाथ हजाम (44 वर्ष), निवासी-देउड़ी, इस संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने गांजे को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में तमाड़ थाना कांड संख्या-36/2026 (धारा-20 NDPS Act) दर्ज किया गया है।
2. शहर के तीन इलाकों में SIT का धावा, ब्राउन शुगर के साथ 5 गिरफ्तार:
दूसरी बड़ी कार्रवाई रांची के शहरी क्षेत्रों में हुई, जहां युवाओं को निशाना बनाने वाले ब्राउन शुगर नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। SSP रांची को सूचना मिली थी कि हिन्दपीढ़ी, सुखदेवनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है। इसके लिए सिटी एसपी के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) कोतवाली के नेतृत्व में एक संयुक्त SIT (विशेष जांच दल) का गठन किया गया।
मारवाड़ी कॉलेज के पास से गिरफ्तारी: SIT ने मारवाड़ी कॉलेज के समीप, छोटा तालाब के पास एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी कर मो० एहतेशाम और मो० शहादत को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। इनके पास से 1.29 ग्राम ब्राउन शुगर (13 पुड़िया) और 8,020 रुपये नगद बरामद किए गए (हिन्दपीढ़ी थाना कांड सं०-56/26)।
सुखदेवनगर में मुड़ला पहाड़ के पास एक्शन: SIT ने अगली कार्रवाई सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मुड़ला पहाड़ (हेहल) के पास की। यहाँ से जितेन्द्र कुमार सिंह और राहुल कुमार यादव को दबोचा गया। इनके पास से 18.6 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोटरसाइकिल और एक सीएनजी (CNG) ऑटो जब्त किया गया (सुखदेवनगर थाना कांड सं०-215/26)।
JPSC कार्यालय के बगल से दबोचा गया तस्कर: पुलिस ने अपनी तीसरी कड़ाही कोतवाली थाना क्षेत्र के JPSC कार्यालय के ठीक बगल में की, जहाँ से राजकुमार पुराण नामक तस्कर को 08.00 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया (कोतवाली थाना कांड सं०-143/26)।
गिरफ्तार अभियुक्तों का संगीन आपराधिक इतिहास:
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से कई का पुराना और गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है, जो शहर में अन्य अपराधों में भी संलिप्त थे:
राजकुमार पुराण: इसके खिलाफ पहले से नामकुम थाने में चोरी और सेंधमारी (कांड सं०-993/23 और 163/25) के मामले दर्ज हैं।
मो० शहादत: इसके खिलाफ हिन्दपीढ़ी थाने में जानलेवा हमला (307 IPC – कांड सं०-10/19) और सुखदेवनगर थाने में डकैती की योजना व आर्म्स एक्ट (कांड सं०-267/24) का मामला दर्ज है।
मो० एहतेशाम: इसके खिलाफ हिन्दपीढ़ी थाने में जानलेवा हमला, चोरी और घर में घुसकर मारपीट करने (कांड सं०-98/22) संगीन धाराएं दर्ज हैं।
बरामदगी की कुल विवरणी:
- अवैध गांजा: 3.9 किलोग्राम
- ब्राउन शुगर: 27.89 ग्राम (कुल)
- नगद राशि: ₹8,020
- वाहन: 01 मोटरसाइकिल, 01 सीएनजी ऑटो
- अन्य: 01 मोबाइल फोन
रांची पुलिस की इस त्वरित और चौतरफा कार्रवाई से नशा माफियाओं में हड़कंप मच गया है। एसएसपी कार्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ड्रग पेडलर्स के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



