
रांची: बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र झारखंड समेत कई पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी कहर बरपा रहा है। राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में बीते दो दिनों से भारी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी रांची समेत राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश के साथ-साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए शनिवार को ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए आम लोगों से घरों में रहने और खिड़की-दरवाजे बंद रखने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने आम लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए साफ पानी, सूखे खाद्य साम्रगी, टोर्च और जरुरी दवाईयों का इंतजाम रखने के साथ ही खुले स्थानों में रहने, घरों से बाहर निकलने और पेड़ व बिजली के खंभों के नीचे खड़े रहने से बचने की सलाह दी है। उधर रांची में शनिवार को भारी बारिश को देखते जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों में 12वीं तक की कक्षाओं को शनिवार के दिन बंद करने का आदेश दिया है।
कल किन जिलों में कहर बरपाएगा डीप डिप्रेशन:
राज्य के उत्तर-पश्चिम, दक्षिण, मध्य और उत्तर-पूर्वी भागों में शनिवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गयी है। जिन जिलों में विशेष एहतियात बरतने की सलाह दी गयी है, उनमे रांची, रामगढ, खूंटी, हजारीबाग, कोडरमा, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सराईकेला-खरसांवा, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह शामिल है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ-साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अलावा इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गयी है।



