प्रदेश भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, सौदान सिंह को झारखंड का क्षेत्रीय संगठन प्रभारी बनाया गया, पवन कुमार साय को प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा कई राज्यों में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया गया है। देश के कई राज्यों में बड़े स्तर पर नेताओं के जिम्मेदारी में फेरबदल किया गया है।

रांची. भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा कई राज्यों में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया गया है। देश के कई राज्यों में बड़े स्तर पर नेताओं के जिम्मेदारी में फेरबदल किया गया है। इसी कड़ी में झारखंड प्रदेश में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह को झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का क्षेत्रीय संगठन प्रभारी बनाया गया है। इन राज्यों में इन्हें संगठन की अहम जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन महामंत्री रहे पवन कुमार साय को झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री रहे कर्मवीर सिंह को पवन कुमार साय की जगह छत्तीसगढ़ प्रदेश की जिम्मेवारी सौंपी गई है। कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ का प्रदेश संगठन महामंत्री बनाया गया है।
सौदान सिंह की पहचान भाजपा के संगठनात्मक कामकाज और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती प्रदान करने वाले नेताओं में रही है। झारखंड प्रदेश की राजनीति और भाजपा संगठन से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री के नाते इन्होंने झारखंड के संगठन को पहले भी धार दिया है। वहीं, पवन कुमार साय को भाजपा के अनुभवी संगठनकर्ताओं में एक माना जाता है। इससे पहले वे 2016 से छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वे लंबे समय से भाजपा के संगठनात्मक कामकाज से जुड़े रहे हैं। पवन कुमार साय का जोर कार्यकर्ता संपर्क, संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण और अनुशासित संगठन संचालन पर अधिक होता है।
भाजपा नेताओ ने दी बधाई
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह को झारखंड, बिहार, ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल का प्रभार सौंपे जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि इनके समृद्ध संगठनात्मक अनुभव, कुशल मार्गदर्शन एवं सुदृढ़ नेतृत्व से इन राज्यों में संगठन को नई ऊर्जा, गति और मजबूती मिलेगी। आदित्य साहू ने छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय को झारखंड भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री का दायित्व सौंपे जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि इनके समृद्ध सांगठनिक अनुभव, कुशल नेतृत्व एवं कर्मठता से झारखंड में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। श्री साहू ने अब तक झारखंड भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री का दायित्व सौंपे जाने पर उनके इस नए दायित्व के लिए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि इन्होंने अपनी कार्य क्षमता से झारखंड भाजपा को एक अलग पहचान दी। निश्चित रूप से इनके समृद्ध सांगठनिक अनुभव, कुशल नेतृत्व एवं कर्मठता से छत्तीसगढ़ में संगठन को नई ऊर्जा, गति और मजबूती मिलेगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन में समय-समय पर होने वाले दायित्व परिवर्तन पार्टी की कार्यपद्धति का हिस्सा होते हैं। उन्होंने इन तीनों नेताओं के सफल एवं सार्थक कार्यकाल के लिए मंगलकामनाएँ की है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सौदान सिंह को झारखंड सहित चार राज्यों का क्षेत्रीय संगठन प्रभारी बनाए जाने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इनके लंबे अनुभव का लाभ निश्चित तौर पर झारखंड के संगठन को मिलेगा। इनके लिए झारखंड प्रदेश कोई नया नहीं है। ये यहां से भली भांति परिचित हैं। बाबूलाल मरांडी ने पवन साय को झारखंड भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री का दायित्व सौंपे जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। वहीं उन्होंने झारखंड के तत्कालीन प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें भी नए दायित्व की शुभकामना दी है। कहा कि इनका समृद्ध सांगठनिक अनुभव, कुशल नेतृत्व एवं कर्मठता निश्चित रूप से झारखंड और छत्तीसगढ़ में संगठन को नई ऊर्जा, गति और मजबूती प्रदान करेगा।



