HeadlinesJharkhandRanchi

14वीं JPSC PT परीक्षा: 22 जुलाई को जेपीएससी कार्यालय का घेराव करेगा भाजयुमो, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकलेगा विशाल जुलुस

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के अधिकारों की रक्षा करने में पूरी तरह से विफल रही है।

रांची. 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर राज्य में सियासी पारा चढ़ गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने परीक्षा प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार पर लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। इसके विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में 22 जुलाई को जेपीएससी कार्यालय के घेराव का ऐलान किया गया है। 22 जुलाई को सुबह 10:00 बजे रांची के कचहरी स्थित जयपाल सिंह स्टेडियम में राज्यभर से हजारों युवा कार्यकर्ता, अभ्यर्थी और नागरिक एकजुट होंगे। वहां से सभी विशाल जुलूस के रूप में जेपीएससी कार्यालय का घेराव करने निकलेंगे।

आदित्य साहू ने राज्य के युवाओं और अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि यह संघर्ष केवल एक परीक्षा का नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं के भविष्य, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और न्याय की लड़ाई है। युवाओं को इस जनआंदोलन को सफल बनाकर सरकार की तानाशाही का जवाब देना होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जेपीएससी PT परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद सामने आईं प्रशासनिक खामियों को उजागर करते हुए आरोप लगाया कि जारी की गई अभ्यर्थियों की मार्कशीट पर संबंधित अधिकारियों के हस्ताक्षर तक मौजूद नहीं हैं, जो भारी प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। अभ्यर्थियों द्वारा सूचना के अधिकार के तहत OMR उत्तर पुस्तिकाओं की मांग किए जाने के बावजूद उन्हें प्रतियां उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। आदित्य साहू ने कहा कि आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं और परिणाम पर आयोग के सदस्यों के हस्ताक्षर का अभाव है, जिससे पूरी प्रक्रिया संदेह के घेरे में आ गई है।

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के अधिकारों की रक्षा करने में पूरी तरह से विफल रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों की कठिन मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के सपनों के साथ भद्दा मजाक किया गया है और राज्य सरकार भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का काम कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button