
रांची. शाम के वक्त अचानक हुई हल्की बारिश के बाद राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में दुर्गा पूजा को लेकर असमंजस और चिंता का माहौल बन गया था। मौसम के इस यू-टर्न से मां के भक्तो और पंडाल घूमने वालों की धड़कनें तेज हो गई थीं कि कहीं इस बार का महापर्व बारिश की भेंट न चढ़ जाए। लेकिन, भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची स्थित मौसम केंद्र द्वारा जारी ताजा मौसम बुलेटिन ने तमाम आशंकाओं पर विराम लगा दिया है। मौसम केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों तक झारखंड के किसी भी हिस्से में भारी बारिश या किसी भी प्रकार की मौसमी चेतावनी जारी नहीं की गई है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय हल्का कोहरा या कुहासा छाया रह सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही आसमान मुख्य रूप से साफ हो जाएगा। बुलेटिन के आंकड़ों के मुताबिक रांची और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान लगभग 29 से 31 डिग्री सेल्सियस से और न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है।
आने वाले 5 दिनों के दौरान तापमान में किसी भी बड़े बदलाव (गिरावट या बढ़ोतरी) की कोई संभावना नहीं है, जिससे मौसम सुहावना और खुशनुमा बना रहेगा। मौसम विभाग ने जहाँ एक ओर शहरवासियों को पूजा के दौरान राहत दी है, वहीं किसानों के लिए भी उपयोगी सलाह जारी की है। साफ मौसम के इस दौर का लाभ उठाते हुए किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी पकी हुई फसलों की कटाई कर लें और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर सुखाने का काम तेजी से पूरा कर लें।



