
रांची: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत रांची जिले में गणना प्रपत्र के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से जारी है। 19 जुलाई 2026 की शाम 6:00 बजे तक जिले में कुल 26,74,681 मतदाताओं में से 24,40,740 मतदाताओं (91.25%) के बीच एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण किया जा चुका है। वहीं 14,48,314 (54.15%) फॉर्म का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है।
रांची के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) एवं बीएलओ को शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण, शीघ्र संग्रहण तथा समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि प्राप्त गणना प्रपत्र यथाशीघ्र भरकर अपने संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं अथवा ऑनलाइन सबमिट करें।
एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की विधानसभावार प्रगति:
- 58-तमाड़ विधानसभा में 99.75% Enumeration Form का वितरण तथा 67.66% फॉर्म का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है।
- 61-सिल्ली विधानसभा में 99.65% फॉर्म का वितरण एवं 67.10% डिजिटाइजेशन पूरा हुआ है।
- 62-खिजरी विधानसभा में 99.27% Enumeration Form का वितरण तथा 59.97% डिजिटाइजेशन किया गया है।
- 63-रांची विधानसभा में 89.36% फॉर्म का वितरण तथा 40.77% डिजिटाइजेशन दर्ज किया गया है।
- 64-हटिया विधानसभा में 79.40% फॉर्म का वितरण एवं 42.08% डिजिटाइजेशन पूरा हुआ है।
- 65-कांके विधानसभा में 86.77% Enumeration Form का वितरण तथा 50.79% डिजिटाइजेशन किया गया है।
- 66-मांडर विधानसभा में 97.97% (लगभग 98%) फॉर्म का वितरण तथा 67.99% डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है।
रांची जिले में एन्यूमरेशन फॉर्म का सत्यापन भी तेजी से किया जा रहा है। अब तक 95.91 प्रतिशत फॉर्मों का बीएलओ स्तर पर सत्यापन किया जा चुका है। जिला प्रशासन द्वारा विशेष शिविरों, घर-घर संपर्क अभियान एवं सतत निगरानी के माध्यम से शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में अभियान को और गति दी जा रही है।
रांची जिला के शहरी क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर कल (20 जुलाई 2026) विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। जिसमें मतदाता एन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त एवं जमा कर सकेंगे। स्पेशल कैंप में सुबह 10:00 से अपराह्न 4:00 तक संबंधित बीएलओ अपने बूथ पर उपस्थित रहेंगे।
रांची के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी शहरी मतदाताओं से अपील की गई है कि शिविर का लाभ उठाएं और समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म अपने संबंधित BLO के पास जमा करें।
22 जुलाई को बीएलओ एवं बीएलए–2 की बैठक एवं चुनाव पाठशाल का आयोजन:
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक सहभागी प्रक्रिया है, इसमें प्रत्येक स्टेकहोल्डर के सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में मतदाताओं, बीएलए 2, बीएलओ, निर्वाचन से जुड़े हर स्तर पदाधिकारियों द्वारा आपसी सहभागिता से तीव्र गति से कार्य की जा रही है। उन्हों बताया कि वर्तमान में इन्यूमरेशन फेज का कार्य किया जा रहा है जिसके अंतर्गत वर्तमान मतदाता सूची के प्रत्येक मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म भेजने एवं उनके भरे हुए एवं हस्ताक्षर किए हुए इन्यूमरेशन फॉर्म को संग्रहित कर डिजिटलाइज करने का कार्य किया जा रहा है।
श्री के. रवि कुमार ने कहा है कि मतदाता सूची में एएसडीडीएफ सूची के अंतिम प्रकाशन हेतु सभी मतदान केंद्रों पर 22 जुलाई को बीएलओ एवं बीएलए–2 की बैठक एवं चुनाव पाठशाल का आयोजन किया जा रहा है। वैसे मतदाता जो अपना फॉर्म भरकर एवं हस्ताक्षर कर अपने बीएलओ को जमा करेंगें केवल उनका ही नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाले मतदाता सूचि के ड्राफ्ट पब्लिकेशन में शामिल होगा।
श्री के. रवि कुमार ने कहा कि इन्यूमरेशन फॉर्म के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया को समय पर संपन्न करने के लिए विभाग द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। रविवार तक विशेष कैंप एवं बीएलओ द्वारा 65.64% कुल 1,73,70,620 मतदाताओं के इन्यूमरेशन फॉर्म के डिजिटाइजेशन का कार्य संपन्न कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं द्वारा भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म को वापस जमा होते ही उसे डिजिटाइज करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि जल्द से जल्द अपने इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा कर दें जिससे उसे समय रहते डिजिटाइजेशन किया जा सके।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि अभी भी शहरी मतदाताओं के द्वारा इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करने की गति धीमी है। इसे गति देने एवं अधिक से अधिक बच्चे हुए मतदाताओं को सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं की सहूलियत और शत्-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 20 जुलाई 2026 को राज्य के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंप के माध्यम से शहरी मतदाता आसानी से अपने इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं एवं बचे हुए मतदाता जिन्हें किसी कारण से अभी भी इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त नहीं हुए है वे इसे विशेष कैम में जाकर प्राप्त कर सकते हैं।
श्री के. रवि कुमार ने कहा कि वर्तमान में बीएलओ द्वारा घर–घर जाकर 97.81% कुल 2,58,82,942 मतदाताओं तक बीएलओ द्वारा इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए है। बचे हुए मतदाता अपने बीएलओ से अवश्य संपर्क कर अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा करें।



