HeadlinesJharkhandRanchi

रांची में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, जुलाई में कटे 1.20 लाख से अधिक चालान, लगा 7.80 करोड़ का जुर्माना, 984 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द

रांची पुलिस द्वारा चलाया गया विशेष अभियान बेहद असरदार साबित हुआ है। शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में 1 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक एक महीने का सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

Ranchi. रांची की सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों के भीतर यातायात नियमों के प्रति अनुशासन व जिम्मेदारी का भाव जगाने के लिए रांची पुलिस द्वारा चलाया गया विशेष अभियान बेहद असरदार साबित हुआ है। शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में 1 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक एक महीने का सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के दौरान चार पहिया वाहन, दो पहिया वाहन, ऑटो एवं टोटो (ई-रिक्शा) चालकों की बारीकी से जाँच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटरयान अधिनियम के तहत अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई देखने को मिली है।

जुलाई महीने की इस व्यापक कार्रवाई के दौरान रांची यातायात पुलिस ने कुल 1,20,197 चालान निर्गत किए हैं, जिसके तहत कुल 7,80,00000 (सात करोड़ अस्सी लाख रुपये) की विशाल जुर्माना राशि प्राप्त की गई है। कार्रवाई केवल जुर्माने तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि गंभीर और बार-बार नियम तोड़ने वाले 1,015 वाहन चालकों के विरुद्ध अभियोजन दर्ज कर उन्हें अंतिम सुनवाई एवं कानूनी कार्रवाई हेतु कोर्ट भेजा गया है। इसके अलावा, यातायात नियमों की घोर उपेक्षा करने वाले 984 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को रद्द करने की अनुशंसा भी की गई है, जिससे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के बीच हड़कंप मच गया है।

ट्रैफिक पुलिस द्वारा दिए गए आंकड़ों के विश्लेषण से यह स्पष्ट है कि राजधानी की सड़कों पर अव्यवस्था का सबसे बड़ा कारण अवैध पार्किंग और बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाना है। पूरे महीने में नो-पार्किंग और सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से गाड़ी खड़ी करने के सर्वाधिक 56,032 चालान काटे गए, वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 51,055 चालक पुलिस की गिरफ्त में आए। इसके अलावा रेड लाइट जंप करने के 4,471 मामले, निर्धारित गति से तेज गाड़ी चलाने के 2,367 मामले और नो-एंट्री क्षेत्र में जबरन प्रवेश करने के 1,547 मामले दर्ज किए गए। गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 648, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी चलाने वाले 505 और बिना सीट बेल्ट के कार चलाने वाले 237 चालकों पर भी पुलिस का शिकंजा कसा।

इसके अतिरिक्त ऑटो और टोटो चालकों द्वारा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने के 710 मामले दर्ज किए गए। वहीं वाहनों में अवैध फैंसी नंबर प्लेट (217), प्रेशर हॉर्न (115), मॉडिफाइड साइलेंसर (101), गा गाड़ियों के शीशों पर काली फिल्म लगाने (24) और शराब पीकर गाड़ी चलाने जैसी गतिविधियों पर भी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। रांची यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सड़कों पर केवल चालान के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए मोटरयान अधिनियम के नियमों का स्वेच्छा से पालन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button