HeadlinesJharkhandRanchi

छठ महापर्व के दूसरे दिन व्रतियों ने किया खरना, 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू, कल अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जायेगा अर्घ्य

रांची. चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन आज छठ व्रतियों ने खरना अनुष्ठान किया। इसके साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया। रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसे लेकर बाजारों में आज भी खूब भीड़ नजर आ रही है। लोग सूप, दौरा, फल, नारियल, गन्ना और पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही बनी हुई है। छठ पूजा के लिए जरूरी सामान जुटाने में लोग लगे हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत हुई थी।

रांची में 135 घाटों पर तैयारियां लगभग पूरी:

दूसरी ओर राजधानी रांची में छठ घाटों की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। नगर निगम के अनुसार, शहर के 72 नदी-तालाबों पर बने घाटों की साफ-सफाई लगभग पूरी हो चुकी है। इन घाटों पर लाइटिंग और सजावट का काम चल रहा है। इसके अलावा अलग-अलग कॉलोनियों में 63 कृत्रिम घाट भी तैयार किए गए हैं। रविवार दोपहर तक सभी कृत्रिम घाटों में पानी भर दिया जाएगा।

इस बार मानसून में रांची में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। इसके कारण शहर के नदी-तालाब पानी से लबालब हैं। इसे देखते हुए नगर निगम ने 46 हाई रिस्क वाले घाटों पर बैरिकेडिंग कराई है। घाटों पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के इंतजाम किए जा रहे हैं। चेंजिंग रूम, संपर्क पथ और रोशनी की व्यवस्था भी की जा रही है।

नगर आयुक्त ने किया घाटों का निरीक्षण:

छठ पूजा से पहले घाटों की तैयारी पूरी करने के लिए इस बार पहले से सफाई और मरम्मत का काम शुरू किया गया था। शुक्रवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ पांच अलग-अलग क्षेत्रों के छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा समितियों ने साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था पर संतुष्टि जताई।

नगर आयुक्त ने वार्ड-10 के विवेकानंद पार्क घाट पर पानी की शुद्धता के लिए अधिक मात्रा में फिटकरी डालने और संपर्क पथ की सफाई कराने का निर्देश दिया। वहीं, वार्ड-28 के मधुकम तालाब में पेंटिंग कराने, फिटकरी डालने और पानी की स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा। निगम की कोशिश है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने और पूजा करने में किसी तरह की परेशानी न हो।

घाटों पर रहेगी सुरक्षा, होगी गंगा आरती:

चडरी सरना समिति के अध्यक्ष सबलू मुंडा के अनुसार, चडरी घाट पर रातू रोड, लोहरा कोचा, थड़पखना, भुताहा तालाब और कचहरी रोड से श्रद्धालु पहुंचते हैं। यहां 20 हजार से अधिक लोगों के आने की संभावना है। सुरक्षा के लिए चार फीट से अधिक गहराई वाले हिस्से में बैरिकेडिंग की गई है।

एनडीआरएफ की टीम के साथ 10 से 15 गोताखोर तैनात रहेंगे। घाट पर चार लाइट गेट बनाए गए हैं और तालाब के अंदर मेटल लाइट लगाई गई है। समिति की ओर से 301 सूप बांटे जाएंगे। सुबह और शाम गंगा आरती, झांकी और भजन का आयोजन होगा। गंगा आरती के लिए बनारस से टीम आएगी। रविवार को डूबते सूर्य और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button