
रांची. राज्य में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का इन्यूमरेशन फेज समाप्त हो गया है। एसआइआर का यह सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण चरण होता है। 2026 के मतदाता सूची में मतदाताओं की कुल संख्या 2,64,63,236 है, कुल 2,64,62,345 मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया गया था। इनमे से 2,20,88,937 मतदाताओं द्वारा भरे हुए एवं हस्ताक्षर किए हुए इन्यूमरेशन फॉर्म वापस आये जिन्हे डिजिटाइज किया गया। राज्य में 43,74,272 मतदाता ऐसे है जिनसे इन्यूमरेशन फॉर्म वापस प्राप्त नहीं हुए। यह ऐसे मतदाता है जो मृत, पता लगाने योग्य नहीं/ अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अन्य स्थानों पर पहले से ही नामांकित और इन्यूमरेशन फॉर्म हस्ताक्षर करने से इनकार करने वाले मतदाता है।
5 अगस्त को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में 23 मई 2026 को 70,62,319 अन-मैप्ड मतदाताओं की सूची सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित की गई थी जिसके बाद सघन अभियान चलते हुए 29 जुलाई को इन्यूमरेशन फेज से पूर्व कुल 47,42,505 मतदाता अन-मैप्ड श्रेणी में रह गए। इन्यूमरेशन फेज के क्रम में मतदाताओं, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2, वोलेंटियर्स के सहयोग से बीएलओ द्वारा अधिक से अधिक मतदाताओं को विगत एसआईआर से मैपिंग का कार्य किया गया। वर्तमान में 5.3% (कुल 14,02,262) मतदाता ही अन-मैप्ड श्रेणी में बचे हैं।
के. रवि कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग में विगत एसआईआर के मतदाता सूची को सुपीरियर डॉक्यूमेंट के रूप में माना गया है। ड्राफ्ट पब्लिकेशन में जिन मतदाताओं की विगत एसआईआर के मतदाता सूची से मैपिंग सही पाई गई है एवं तार्किक विसंगति नहीं प्राप्त होती है, वैसे सभी मतदाताओं को ड्राफ्ट पब्लिकेशन के उपरांत अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा। अन-मैप्ड मतदाताओं के संबंध में ईआरओ स्तर से सत्यापन के उपरांत उन्हें मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 5 अगस्त को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाना है। इसके उपरांत राज्य में वैसे सभी पात्र भारतीय नागरिक जो मतदाता सूची के ड्राफ्ट पब्लिकेशन में शामिल नहीं हुए है, नए मतदाता एवं पात्र भारतीय नागरिक जो किसी कारण से 2026 के वर्तमान मतदाता सूची में शामिल नहीं होने वाले सभी मतदाता, फॉर्म 6 एवं घोषणा पत्र भरकर अन्तिम मतदाता सूची में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि विगत एसआईआर से मैपिंग एक सुपीरियर डॉक्यूमेंट है, ऐसे सभी मतदाता, 5 अगस्त के बाद फॉर्म 6 भरते समय इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।



