
रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के क्रम में मतदाताओं द्वारा प्राप्त हो रहे शिकायतों का ससमय समाधान करें। बीएलओ द्वारा घर–घर जाकर मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया जा रहा है, ऐसी स्थिति में यदि किसी मतदाता को अपने फॉर्म भरने अथवा एसआईआर संबंधित किसी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत है तो वे टोलफ्री नंबर1 950 अथवा “बुक ए कॉल” द्वारा एसआईआर से सम्बंधित किसी प्रकार के संशय अथवा शिकायत के लिए संपर्क अवश्य करें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी गुरुवार को निर्वाचन सदन से विडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं हेल्प डेस्क मैनेजर के साथ मतदाताओं द्वारा विभिन्न माध्यमों से आने वाले शिकायतों के निवारण की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में बीएलओ घर–घर जाकर मतदाताओं को सेवा प्रदान कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त कुछ मतदाता जो अपने बीएलओ से संपर्क कर अपना इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त करना चाहते हैं अथवा फॉर्म भरने में किसी प्रकार की समस्या अथवा किसी प्रकार की शिकायत है तो वे भारत निर्वाचन आयोग के 1950 टोल फ्री नंबर पर सम्पर्क कर सकते हैं।
श्री के. रवि कुमार ने बताया कि मतदाता विभिन्न माध्यमों से अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते है एवं अपने संशय अथवा शिकायतों का समाधान करा सकते है
1. एसआईआर स्टीकर:
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारी के क्रम में सभी बीएलओ द्वारा अपने मतदान केंद्र के क्षेत्र वाले घरों में एसआईआर स्टीकर लगाया गया है जिसपर संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ का नाम एवं मोबाइल नम्बर उपलब्ध है । मतदाता इन नंबर पर कॉल कर अपने बीएलएओ से संपर्क कर अपने समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।
2. बुक ए कॉल:
भारत निर्वाचन आयोग के ECINET एप्लिकेशन पर “बुक ए कॉल” फीचर उपलब्ध है। ऐप के इस फीचर का इस्तेमाल करते हुए मतदाता अपने मतदाता पहचान पत्र का संख्या भरेंगे तो उनके अपने बीएलएओ को कॉल चला जाएगा। बीएलओ 48 घंटे के भीतर कॉल बैक कर आपके समस्याओं को सुनेंगी एवं उसका समाधान करेंगी।
3.कनेक्ट विथ इलेक्शन ऑफिसियल:
भारत निर्वाचन आयोग के ECINET एप्लिकेशन पर “कनेक्ट विथ इलेक्शन ऑफिसियल” फीचर उपलब्ध है इस फीचर के माध्यम में भी मतदाता पहचान पत्र संख्या भरने के उपरांत मतदाता को उनके बीएलओ का फोन नंबर उपलब्ध हो जाता है, जिसके माध्यम से मतदाता अपने बीएलओ को संपर्क कर सकते हैं।
4.टोल फ्री नंबर 1950:
मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 के माध्यम से भी अपने नजदीकी जिला निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से संपर्क कर सकते है। इस टोल फ्री नंबर पर हेल्प डेस्क मैनेजर उपलब्ध रहेंगे जो मतदाताओं के सभी शंकाओं का समाधान करेंगे इसके साथ–साथ उनसे प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु पदाधिकारियों को भी सूचित करेंगे।
5. Cetizen Service Portal के माध्यम से:
भारत निर्वाचन के इस ऑनलाइन शिकायत निवारण पोर्टल पर भी मतदाता अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। जिसका फॉलोअप करते हुए तय समयसीमा के अंदर समाधान किया जाता है।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित ऑनलाइन माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकार एवं हेल्प डेस्क मैनेजर उपस्थित थे।



