JharkhandHeadlinesRanchi

मोहर्रम को लेकर राँची नगर निगम मुस्तैद, अपर नगर आयुक्त ने दिए समयबद्ध तैयारियाँ पूरी करने के निर्देश, जुलूस मार्गों की सफाई से लेकर पेयजल तक की व्यवस्था होगी दुरुस्त

जुलुस मार्गो में लाइटें होंगी दुरुस्त, राँची नगर निगम ने मुहर्रम अखाड़ा समितियों संग की बैठक

रांची. मोहर्रम को शहर में स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए राँची नगर निगम पूरी तरह से तैयारियों में जुट गया है। आज राँची नगर निगम में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की विभिन्न अखाड़ा समितियों, सेन्ट्रल मोहर्रम कमिटी एवं शांति समिति के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

अखाड़ा समितियों ने सौंपे महत्वपूर्ण सुझाव

बैठक के दौरान विभिन्न अखाड़ा समितियों और सेन्ट्रल मोहर्रम कमिटी के प्रतिनिधियों ने मोहर्रम जुलूस के सफल संचालन के लिए नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई अहम सुझाव और माँगें प्रशासन के समक्ष रखीं। प्रतिनिधियों ने मुख्य रूप से जुलूस मार्गों की विशेष साफ-सफाई, निर्बाध पेयजल व्यवस्था, खराब स्ट्रीट लाइट्स को ठीक करने, चलंत शौचालय की व्यवस्था, स्टोन डस्ट की उपलब्धता और सिटी बसों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने की माँग की।

अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शाखाओं के अधिकारियों को समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में निगम पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि कहीं भी कूड़े का जमाव न रहे । इसके साथ ही, बारिश या अन्य कारणों से होने वाले जलजमाव से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। जुलूस मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में जितनी भी पथ बत्तियाँ खराब हैं, उन्हें शीघ्र दुरुस्त किया जाएगा ।

मार्गों के किनारों पर सूखी और नीचे लटक रही पेड़ों की टहनियों की छंटाई करने का निर्देश दिया गया है ताकि जुलूस के दौरान कोई बाधा न आए। आवश्यकतानुसार पर्याप्त संख्या में पेयजल टैंकर, चलंत शौचालय और सिटी बसों का पुख्ता प्रबंध किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त ने कहा कि सभी विभागों के आपसी समन्वय से तैयारियाँ निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएँगी ताकि शहरवासियों को एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने राँची के नागरिकों से भी अपील की है कि वे पर्व के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर यहाँ-वहाँ कूड़ा न फेंकें और शहर की सुंदरता व स्वच्छता बनाए रखने में राँची नगर निगम का सहयोग करें।

इस बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, स्वच्छता शाखा के पदाधिकारी व कर्मी सहित सेन्ट्रल मोहर्रम कमिटी, विभिन्न अखाड़ा समितियों और शांति समिति के तमाम सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button