
रांची. कोकर स्थित खोरहाटोली से लापता मासूम बच्ची अदिति का अबतक कोई सुराग नहीं मिला है। हालांकि आज इस मामले में एक हैरान करने वाला और दुःसाहस से भरा मामला सामने आया। खोरहटोली स्थित मासूम के आवास पर जब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और बीजेपी नेता मौजूद थे, तभी अपहरणकर्ता ने परिजनों और भाजपा नेताओ को फोन पर धमकी दी। अपराधी ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए लाइव कैमरे में परिजनों से एफआईआर वापस लेने और मामले को रफा दफा करने की डिमांड रखी। रांची पुलिस अब कॉल लोकेशन के आधार पर अपराधी तक पहुँचने का प्रयास कर रही है। इस मामले को कई आशंकाओं को भी जन्म दे दिया है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कल ही पुलिस को अभियान में तेजी लाने का निर्देश भी दिया है।
भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
भाजपा नेताओ ने आज खोरहटोली पहुंचकर अदिति के परिजनों से मुलाकात की और परिजनों को ढांढस बंधाया। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में कानून का शासन नहीं, अपराधियों का शासन चल रहा है। अपराधी अब उद्दण्ता का परिचय दे रहे है, यह दर्शाता है कि उनके अंदर कानून का भय समाप्त हो गया है। प्रशासन 36 घंटे के अंदर बच्ची की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करे, अन्यथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे।



