HeadlinesJharkhandRanchi

झारखंड में खुलेगा देश का तीसरा फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान, सीएम हेमंत सोरेन की मौजूदगी में सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट के साथ झारखंड सरकार का एमओयू

झारखंड के होनहार और क्रिएटिव युवाओं के लिए राज्य सरकार ने एक बेहतर प्लेटफॉर्म तैयार किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच MoU हस्ताक्षर किया गया है। इसके तहत रांची में देश का तीसरा फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट खोला जायेगा।

रांची: राज्य में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हेमंत सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. इसके तहत झारखंड के होनहार और क्रिएटिव युवाओं के लिए राज्य सरकार ने एक बेहतर प्लेटफॉर्म तैयार किया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच MoU हस्ताक्षर किया गया है.

झारखंड मंत्रालय में आयोजित इस कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विशेष सचिव सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राजीव लोचन बक्शी, कुलपति, सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता समीरन दत्ता, डीन SRFTI सुकांते मजूमदार, सरला बिरला विश्वविद्यालय के डायरेक्टर जनरल प्रोफेसर (डॉ.) गोपाल पाठक, सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सी. जगन्नाथ, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के प्रो. श्री सीबी शर्मा, सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के प्रो. इंद्रनील मुखर्जी, एन बनर्जी सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे.

झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के नाम से होगा कार्यरत:

सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के सहयोग से राजधानी रांची में फिल्म एवं टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ झारखंड के नाम से यह कार्यरत होगा. इसमें कई तरह के सर्टिफिकेट कोर्स होंगे, जिसमें फिल्म निर्माण, डाक्यूमेंट्री निर्माण, स्क्रीन एक्टिंग, डिजिटल एडिटिंग, न्यूज एंकरिंग, रिपोर्टिंग आदि शामिल हैं. इसके माध्यम से राज्य के युवाओं को फिल्म जगत से जुड़े शैक्षणिक सुविधा मिलेगी. इसके अलावा झारखंड की संस्कृति सभ्यता और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा. जाहिर तौर पर इस गतिविधि की वजह से रोजगार के साथ-साथ राज्य को आर्थिक लाभ भी मिलेगा.

फिल्म जगत से जुड़े लोग हुए सम्मानित:

झारखंड मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फिल्म जगत से जुड़े कई लोगों को सम्मानित किया. सम्मानित होने वाले फिल्मकारों में तीन बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त बीजू टोप्पो, झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के संथाल समुदाय से आने वाले रविराज मुर्मू, जिन्हें उनकी शॉर्ट फिल्म ‘आंगेन’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार की घोषणा की गई है, अनुज कुमार जिनकी बहुचर्चित फिल्म ‘बिलोंगिंग टू अनटचेबल गाॅड एवं दी टर्टल स्टोरी’ के लिए इन्हें ‘कैनेडियन लेबर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जा चुका है. इनके साथ कुडुख फिल्म ‘एडपा काना’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजे गए निरंजन कुजूर को उत्कृष्ट, ईमानदार और शानदार कला-यात्रा के लिए सम्मानित किया गया.

आज भी झारखंड में कई प्रतिभाएं अनछुई हैं- सीएम:

इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच एमओयू हस्ताक्षर होना एक नई यात्रा की शुरुआत है. एक ऐसी यात्रा जो झारखंड के प्रतिभावान फिल्मकारों और कलाकारों को नई तकनीक, विश्वस्तरीय सुविधाएं और एक नया राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी. यह एक अविस्मरणीय और ऐतिहासिक क्षण है.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि​ झारखंड में कई ऐसी प्रतिभाएं हैं, जो आज भी अनछुई हैं. अभी हाल में ही एक संथाली मूवी ‘आंगेन’ को एक बहुत बड़ा अवार्ड मिला और वे फिल्मकार भी आज यहां मौजूद हैं. भविष्य में सिनेमा के क्षेत्र में ऐसे अवार्ड और भी आ सकते हैं, बशर्ते इन्हें थोड़ा तराशने की आवश्यकता होगी. तराशने का यही कार्य अब झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) के माध्यम से किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि ​सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट को शायद ही कोई ऐसा हो जो नहीं जानता हो. यह फिल्म जगत की सबसे अग्रणी संस्थाओं में से एक है, जिसने दुनिया को सिनेमा से रूबरू कराया. हमारे राज्य में भी कई फिल्में बनीं, जिनमें सत्यजीत रे साहब ने भी काम किया. ​आज के कार्यक्रम के सिलसिले में जब मैं गूगल पर सर्च कर रहा था, तो पता चला कि कई प्रसिद्ध फिल्में हमारे राज्य में बनी हैं, जैसे दिल बेचारा, एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी और गैंग्स ऑफ वासेपुर. इसके अलावा देश के दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन की फिल्म भी धनबाद में बनी थी.

प्रारंभिक चरण में शुरू किए जाएंगे शॉर्ट टर्म कोर्स:

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि JFTI के पूर्णतः क्रियाशील होने के प्रारंभिक चरण में संक्षिप्त अवधि कोर्स शुरू किए जाएंगे. इसके अंतर्गत साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट व स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे सिनेमा के सभी प्रमुख अंगों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. राज्य में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं मौजूद हैं. प्रकाश झा जैसे फिल्म डायरेक्टर की शिक्षा-दीक्षा भी झारखंड से ही हुई है, जो आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस JFTI प्लेटफार्म के माध्यम से हमारे नौजवानों के लिए एक नया आयाम शुरू होने जा रहा है. एक समय था जब डॉक्टर या इंजीनियर बनना ही हर किसी का सपना होता था, लेकिन आज विविधता इतनी अधिक है कि आप किसी भी क्षेत्र में अपने हुनर को आकार देकर अपनी पहचान बना सकते हैं. ​

झारखंड के युवाओं को कोलकाता का मिलेगा अनुभव- सीएम:

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने SRFTI, कोलकाता का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक अनुभवी संस्था है, जिसकी पहचान सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में है. उसकी उपयोगिता और दायरा इतना बड़ा है कि आप अपने हुनर से अपने आसपास की चीजों में बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं.

​उन्होंने कहा कि आज यह एक शुरुआत है और हम चाहेंगे कि आने वाले दिनों में इसका सकारात्मक परिणाम भी हम सब देखें. जिस प्रकार खेल जगत में हमारे राज्य के नौजवान और छात्र-छात्राएं बड़े पैमाने पर देश-दुनिया में नाम कमा रहे हैं, उसी प्रकार कला के क्षेत्र में भी संभावनाएं हैं.

मुख्यमंत्री ने ​झारखंड के परिपेक्ष में कहा कि आज डॉ. रामदयाल मुंडा जी की वह पंक्ति याद आती है, “जे नाची से बाची” इसका मतलब है कि इस राज्य के आम लोगों के अंदर कोई न कोई कलाकार छिपा हुआ है. कई कारणों से शायद वह छिपा कलाकार बाहर नहीं आ पाता. लेकिन आज इस संस्था और सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट के सहयोग से उन कलाकारों को बाहर निकाला जाएगा और तराशा जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button