HeadlinesJharkhandPolitics

झारखंड से पीएम मोदी ने दी छह वंदे भारत की सौगात, जमशेदपुर की परिवर्तन रैली में बोले – जेएमएम ‘कांग्रेस स्कूल ऑफ़ करप्शन’ से ट्रेनिंग ले रही है, लौहनगरी में रोड शो भी किया

मौसम खराब होने के कारण सड़क मार्ग से जमशेदपुर गए पीएम। प्रधानमंत्री ने मइया सम्मान योजना के नाम पर महिलाओ से वसूली का आरोप लगाया। नियुक्तियों को लेकर भी हेमंत सरकार को जमकर घेरा।

जमशेदपुर/रांची. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक दिवसीय दौरे पर कोल्हान पहुंचे। खराब मौसम के कारण पीएम रांची से सड़क मार्ग के सहारे जमशेदपुर गए। जहां बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में प्रधानमंत्री ने परिवर्तन रैली को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने रांची एयरपोर्ट से भारत को छह वंदे भारत ट्रेनों की सौगात दी। इसके बाद वे सड़क मार्ग से जमशेदपुर चले गए। पीएम ने लौहनगरी में रैली के बाद रोड शो किया।

जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी को बताया झारखंड का दुश्मन, घुसपैठ पर भी घेरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए राज्य के सत्ताधारी दलो और इंडिया गठबंधन के नेताओ पर जमकर हमला बोला। नरेंद्र मोदी ने कहा कि झारखंड के तीन सबसे बड़े दुश्मन है, ये झारखंड के दुश्मनों को प्रदेश के लोग जितना जल्दी पहचानेंगे उतना जल्दी राज्य का भविष्य सुनिश्चित। ये तीन दुश्मन है, जेएमएम, आरजेडी और कांग्रेस, झारखंड के निर्माण का बदला आज भी आरजेडी उतारती है और कांग्रेस को तो झारखंड से नफरत है ही। कांग्रेस ने दिल्ली में कई वर्षों तक राज किया लेकिन कांग्रेस ने प्रदेश के दलित, आदिवासियों समाज को आगे नहीं बढ़ने दिया।

प्रधानमंत्री ने घुसपैठ पर राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि इस समय झारखंड का बहुत बड़ा मुद्दा घुसपैठ, हर झारखंडी के लिए चिंता का विषय है। जो प्रदेश के हर लोगों की नींद उड़ा रहा है। पीएम ने घुसपैठ को लेकर झारखंड हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देकर कहा कि अदालत ने स्वतंत्र पैनल से प्रदेश में घुसपैठ के जांच कराने का आदेश दिया है। लेकिन यहां जेएमएम सरकार ये मानने के लिए तैयार नहीं है कि झारखंड में घुसपैठ हो रही है। उन्होंने कहा कि आज संथाल और कोल्हान में बांग्लादेशी और रोहंगिया घुसपैठ बहुत बड़ा खतरा है। इस पूरे क्षेत्र की पहचान, यहां की डेमोग्राफी तेजी से बदल रही है। संथान परगना में आदिवासियों की आबादी तेजी से कम हो रही है, यहां के लोगों की जमीनें हड़पी जा रही है। घुसपैठिए पंचायती व्यवस्था पर कब्जा कर रहे हैं। बेटियों के साथ अत्याचार की वारदातें बढ़ रही है। झारखंड के शहर और गांव के लोग इस घुसपैठ से हर झारखंडी डरे हुए हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि सच्चाई ये है कि जेएमएम के लोग बांग्लादेशी और रोहंगिया घुसैठियों के साथ खड़े हैं। ये घुसपैठिए और कट्टरपंथी जेएमएम में को भी अपने कब्जे में लेते जा रहे है। इनके लोग झारखंड मुक्ति मोर्चा के भीतर भी घुस गये हैं। जानते हैं ऐसा क्यों हुआ क्योंकि जेएमएम में कांग्रेस का भूत घुस गया है। जब किसी पार्टी में कांग्रेस की पार्टी का भूत घुस जाता है तो तुष्टीकरण ही उस दल का इकलौता एजेंडा बन जाता है।

कांग्रेस स्कूल ऑफ़ करप्शन से ट्रेनिंग ले रही है जेएमएम

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस देश की सबसे बेइमान और महाभ्रष्ट पार्टी एक ही है कांग्रेस पार्टी। इस देश का सबसे भ्रष्ट परिवार एक ही है कांग्रेस का परिवार। भ्रष्टाचार की सारी धाराएं यहीं से निकलती है, ये जेएमएम वाले भी उसी स्कूल से ट्रेनिंग लेते हैं। उस स्कूल का नाम है ‘कांग्रेस स्कूल ऑफ करप्शन’। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पांच साल में केवल एक ही काम किया है, झारखंड की लूट और चारों तरफ भ्रष्टाचार। जेएमएम सरकार ने जल, जंगल, जमीन में सबमें भ्रष्टचार किया है। एक तरफ जनता एक-एक पैसे के मोहताज रहते हैं और इनके मंत्रियों के नौकरों के यहां से नोटों का पहाड़ बरामद किया गया। ये मशीन के नोट और नकली नोट नहीं था ये आम जनता की कमाई का पैसा था।

नियुक्तियों पर भी पीएम मोदी ने हेमंत सोरेन सरकार को घेरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नियुक्तियों पर भी हेमंत सरकार को जमकर घेरा। चाहे जेपीएससी की बात हो, जेएसएससी की या उत्पाद सिपाही बहाली की। पीएम ने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार को युवाओं की कोई चिंता नहीं है। इन्होंने हर साल जेपीएससी, जेएसएससी की परीक्षाएं आयोजित करने का वादा किया। लेकिन वादा पूरा करने के बजाए सरकार के संरक्षण में नौकरी बेचने वाले गिरोह पनप रहे हैं। यहां पेपर लीक करने वालों को शह दी जा रही है। हर परीक्षा गड़बड़ियों की शिकार है। इन्होंने जब तक नौकरी नहीं बेरोजगारी भत्ता का वादा किया था। कितने बेरोजगार युवाओं को भत्ता मिला क्या, इन्होंने शहरी रोजगार योजना मिला क्या, उलटे वो योजना ही दो महीने में बंद हो गयी। हालात ये हैं कि भर्ती परीक्षा के नाम पर 15 से ज्यादा युवाओं की जान तक चली गयी। 15 नौजवान, उस मां के लाडले, उस बहन के भाई, इस सरकार की गलत व्यवस्था के कारण अपनी गंवा बैठे।

छह वंदे भारत ट्रेनों की दी सौगात

जमशेदपुर जाने से पहले पीएम मोदी ने रांची से छह वंदे भारत ट्रेनों की सौगात की। टाटानगर-पटना वंदे भारत ट्रेन इनमे से एक है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने टाटानगर से 660 करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button