
रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 40 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत चल रही सुनवाई की प्रक्रिया की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने 40 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में सुनवाई की कम प्रगति पर संबंधित पदाधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कम सुनवाई प्रतिशत के कारणों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के निष्पादन में आ रही बाधाओं की पहचान करने तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान के रवि कुमार ने कहा कि राज्य में 81 में से 41 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में एसआईआर के तहत नो मैपिंग एवं तार्किक विसंगति से सम्बंधित सुनवाई के कार्य 93% से अधिक पूरा हो चुका है। सुनवाई के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया । मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि पदाधिकारी सुनवाई की प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ-साथ प्रत्येक मामले का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने होम टू रोल वेरिफिकेशन के कार्य में भी तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निष्पादन अभी तक नहीं हो पाया है, उनमें संबंधित पदाधिकारी स्वयं व्यक्तिगत स्तर पर सर्वेक्षण एवं सत्यापन करते हुए मामलों की स्थिति की समीक्षा करें तथा शेष मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी 30 नवम्बर तक एसआईआर के तार्किक विसंगति, नो मैपिंग एवं अदर्स मामलों के निष्पादन का कार्य शत प्रतिशत पूरा करें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पदाधिकारियों को सुपर चेकिंग के दौरान होम टू रोल वेरीफिकेशन करते समय 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुके सभी पात्र भारतीय नागरिकों को मतदात सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास करें। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए नियमित समीक्षा करें तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
बैठक में राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं संबंधित 40 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित थे।



