
रांची. शहर में नियम विरुद्ध और अवैध रूप से स्थापित किए गए होर्डिंग्स, यूनिपोल, मोनोपोल और विज्ञापन बोर्डों के खिलाफ रांची नगर निगम अब तक का सबसे बड़ा और निर्णायक अभियान चलाने जा रहा है। पर्याप्त समय और सार्वजनिक सूचना दिए जाने के बावजूद शहर से लगभग 350 अवैध विज्ञापन ढांचों को नहीं हटाया गया है। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने 10 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि 12:00 बजे से पूरे शहर में चरणबद्ध तरीके से विशेष अभियान शुरू करने की घोषणा की है।
नोटिस और समय-सीमा समाप्त, अब होगी जब्ती व दंडात्मक कार्रवाई
रांची नगर निगम के अनुसार पूर्व में ही विज्ञापन एजेंसियों एवं विज्ञापनदाताओं को सार्वजनिक सूचना देकर अवैध ढांचों को खुद हटाने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी लगभग 350 संरचनाएं जस की तस बनी हुई हैं। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी एजेंसी या विज्ञापनदाता को कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। निगम की विशेष टीमें मौके पर जाकर अवैध होर्डिंग्स को हटाएंगी और आवश्यकतानुसार उन्हें जब्त भी करेंगी। कार्रवाई में होने वाले पूरे व्यय और नुकसान की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी या विज्ञापनदाता की होगी।



