
रांची. अपराध की रोकथाम और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़क पर पुलिस की उपस्थिति और सक्रिय अपराध-रोधी चेकिंग सबसे महत्वपूर्ण पहलुओं में से एक है। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और सभी नागरिकों के लिए एक सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए रांची पुलिस निरंतर प्रयासरत है।
आज रांची में एक साथ 25 से अधिक स्थान जैसे सुजाता चौक, न्यू मार्केट चौक, खेलगांव, शहीद मैदान, चांदनी चौक, बिरसा चौक, ग्रामीण क्षेत्र के मुख्य चौक चौराहे आदि पर सघन अपराध-रोधी चेकिंग अभियान चलाया गया है । विभिन्न थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से टीम गठन कर वरीय पुलिस अधीक्षक,रांची के निर्देशानुसार असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को रोकने, रात के समय होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने और शहरवासियों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाहनों और संदिग्धों की कड़ी जांच की।
इसके साथ ही, सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता देने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर ड्रंकन ड्राइविंग (शराब पीकर वाहन चलाने) के खिलाफ भी ड्राइव चलाया गया। हम शहर के सभी जिम्मेदार नागरिकों से अपील करते हैं कि वे इन सुरक्षा जांच अभियानों के दौरान पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें।



