
रांची: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 अंतर्गत कल यानी दिनांक 5 अगस्त 2026 को रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा। मतदाता सूची के प्रारूप के प्रकाशन के अवसर पर सभी संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे, ताकि मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर ASDD (Absentee, Shifted, Dead and Duplicate) सूची का भी प्रकाशन किया जाएगा।
रांची के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने रांची जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 5 अगस्त 2026 को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर प्रकाशित मतदाता सूची के प्रारूप में अपना नाम एवं अन्य विवरण का अवश्य सत्यापन करें। यदि किसी मतदाता के नाम, पता, आयु, लिंग या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय रहते दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से पूर्व आवश्यक संशोधन किया जा सके। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की है।



