
Ranchi. रांची के राज अस्पताल में मृत युवक के परिजनों से इलाज के एवज में 22 लाख रुपये मांगने का आरोप लगा है। आरोप यह है कि लातेहार के रहने वाले 18 वर्षीय राजू रंजन का एक हादसे में पैर फ्रैक्चर हो गया था। इलाज के लिए जब परिजनों ने राजू को रांची के राज अस्पताल में भर्ती कराया, मगर चिकित्सको ने तीन दिन तक राजू की ड्रेसिंग नहीं की। जब राजू की मौत हो गयी, तब परिजनों को अस्पताल प्रबंधन ने 22 लाख रुपये का बिल थमा दिया। राजू की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया।
पैर फ्रैक्चर हुआ था, सिर तक फैला संक्रमण: परिजनों ने बताया कि राजू के पैर में हादसे के कारण फ्रैक्चर हो गया था। उसे समय पर इलाज नहीं मिला, जिससे पैर का संक्रमण सिर तक जा पहुंचा। आनन फानन में राजू को आईसीयू में भर्ती किया गया, मगर तबतक उसकी मौत हो चुकी थी। उसके बाद शव का पोस्टमॉटम रिम्स में करवाया गया।
मुख्यमंत्री ने दिया जांच का आदेश: घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद मामले के जांच का जिम्मा रांची के सिविल सर्जन को दिया गया है। इस मामले में उपायुक्त ने जिलास्तरीय जांच टीम को जल्द से जल्द जांच कर विस्तृत रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।



