पूरे दिन विधानसभा में सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच होता रहा तकरार, देर शाम परिमल नाथवानी का नामांकन वैध घोषित, कल दिल्ली जायेंगे कांग्रेस के विधायक
बीजेपी ने कांग्रेस के हंगामे को बताया गुंडागर्दी, संवैधानिक कार्यों में बाधा पहुंचाने वाले कांग्रेस के नेताओं पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग

रांची. राज्यसभा चुनाव के लिए निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के नामांकन को लेकर आज दिन भर सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच हंगामा होता रहा। कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि अव्यवहारिक तरीके से परिमल नाथवानी के पक्ष में कार्य किया जा रहा है। कांग्रेस विधायकों की ओर से सलमान खुर्शीद निर्वाची पदाधिकारी से मिलने पहुंचे थे, मगर उन्हें निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गयी, जिससे नाराज मंत्री दीपिका पांडेय, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मंत्री इरफ़ान अंसारी समेत कई कांग्रेसी नेता धरने पर बैठ गए और हंगामा करने लगे। कांग्रेस के प्रदर्शन के जवाब में सीपी सिंह, नवीन जायसवाल समेत कई भाजपा विधायक भी विधानसभा पहुंचे, मगर उन्हें गेट के अंदर जाने नहीं दिया गया। जिससे नाराज भाजपा विधायक विधानसभा के मेंन गेट के सामने ही धरना पर बैठ गए और प्रदर्शन करने लगे।
विधायक नवीन जायसवाल के वकील को मुलकात की मिली अनुमति
मंत्री दीपिका पांडेय ने आरोप लगाया कि प्रख्यात वकील सलमान खुर्शीद को मिलने नहीं दिया गया। जबकि भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल और उनके विधायकों को निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में जाने और मुलाकात करने की इजाजत आसानी से मिल गयी। उन्होंने विधानसभा कर्मियों पर भी परिमल नाथवानी को अनैतिक समर्थन देने का आरोप लगाया। मंत्री दीपिका पांडेय ने कहा कि भाजपा अब वोट चोरी के बाद सीट चोरी भी करने लगी है। फॉर्मेट में हलकी से भी त्रुटि हो तो आवेदन रद्द हो जाता है, मगर झारखण्ड में परिमल नाथवानी के फॉर्मेट में इतनी त्रुटियां है, बावजूद उनका नामांकन वैध कर दिया गया।
देर शाम परिमल नाथवानी की उम्मीदवारी मान्य
राज्यसभा चुनाव के लिए निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र को वैध घोषित कर दिया गया है। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर ने उनके दस्तावेजों की समीक्षा के बाद नामांकन को सही और नियमों के अनुरूप पाया। नामांकन की वैधता घोषित होने के साथ ही परिमल नाथवानी की उम्मीदवारी औपचारिक रूप से चुनावी प्रक्रिया में शामिल हो गई है।

कांग्रेस विधायकों पर दर्ज हो एफआईआर
विधानसभा में हुए हंगामे को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने गुंडागर्दी बताया है। उन्होंने कहा कि सुबह से ही कांग्रेस के नेता, विधायक, मंत्री संवैधानिक प्रक्रियाओं को बाधित करने की कोशिश में लगे हैं। आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को संवैधानिक प्रक्रिया पर विश्वास नहीं रह गया है। आदित्य साहू ने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की है कि वह संवैधानिक कार्यों में बाधा पहुंचाने वाले कांग्रेस के विधायकों पर प्राथमिकी दर्ज कराएं।
कांग्रेस विधायक कल जाएंगे दिल्ली
कांग्रेस के 15 विधायक कल दिल्ली जाएंगे और केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। विधायकों की मुलाकात कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे से दोपहर एक बजे होगी, जहां वह राज्यसभा चुनाव की वर्तमान स्थिति से उन्हें अवगत कराएंगे। वहीं, कांग्रेस के केंद्रीय नेता कल झारखंड के विषय को लेकर चुनाव आयोग भी जा सकते है।



