HeadlinesJharkhandRanchi

मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे झारखंड आंदोलनकारियों को पुलिस ने सिद्धो-कान्हो पार्क के पास रोका, 17 आंदोलनकारी अनशन पर बैठे

झारखंड आंदोलनकारियों के प्रदर्शन को देखते हुए मोरहाबादी इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सिद्धो कान्हो पार्क के पास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग की गयी है।

रांची. सम्मानजनक पेंशन, स्थायी नौकरी और आश्रितों को मान सम्मान के विषय पर सरकार से वार्ता करने के लिए झारखंड गठन से जुड़े आंदोलनकारी आज रांची पहुंचे। विभिन्न जिलों से पहुंचे आंदोलनकारियों के हुजूम के कारण राजधानी में कई सड़को पर ट्रैफिक डाइवर्ट करना पड़ा और कई सड़को पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा।



मोरहाबादी से पदयात्रा कर सीएम आवास का घेराव करने निकले आंदोलनकारियों को पुलिस ने बैरिकडिंग कर सिद्धो कान्हो पार्क के पास ही रोक दिया। जहां 17 आंदोलनकारी अनशन पर बैठ गए। आंदोलनकारी सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी मांगे उनके समक्ष रखना चाहते थे। मोरहाबादी मैदान से सीएम आवास की ओर निकले आंदोलनकारी पारंपरिक ढोल मांदर, नगाड़ा और जनजातीय हथियारों के साथ मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़े।



शांतिपूर्ण प्रदर्शन, इलाका छावनी में तब्दील

झारखंड आंदोलनकारियों के प्रदर्शन को देखते हुए मोरहाबादी इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सिद्धो कान्हो पार्क के पास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग की गयी है। स्थिति पर नजर बनाये रखने के लिए सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, एसडीओ समेत अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद है। साथ ही स्थिति पर नियंत्रण के लिए रैपिड एक्शन पुलिस, जैप, एसआईआरबी, समेत राज्य पुलिस बलों को भारी संख्या में तैनात किया गया है।




प्रदर्शनकारियों के लिए पानी की व्यवस्था

झारखंड आंदोलनकारियों के प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों को पिने के लिए पानी की व्यवस्था की गयी है। प्रशासन लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button