
रांची: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज जगन्नाथपुर रथयात्रा महोत्सव-2026 (365वाँ रथयात्रा) के सफल आयोजन की तैयारी से संबंधित जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में रथयात्रा के भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध:
जगन्नाथ मेला के दौरान मेला परिधि के 500 मीटर क्षेत्र में दारू-शराब की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। संबंधित अधिकारियों को इसकी व्यापक सूचना जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। पूरे मेला परिसर में जगह-जगह पर वॉच टावर स्थापित किए जाएंगे। खोया-पाया केंद्र बनाया जाएगा। स्थानीय थानों को पूरे रथ यात्रा रूट का निरीक्षण करने के निर्देश। भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान रखा जाए।
यातायात एवं रूट प्रबंधन रथ यात्रा रूट पर दुकानों को निर्धारित दायरे में ही रखा जाए। पूरे रूट पर विशेष बैरिकेडिंग की जाएगी। बाहरी वाहनों को मेला क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। रथ पथ से अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश। डीसी ने मंदिर मार्ग एवं रथ यात्रा रूट की सड़कों का मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने का भी निर्देश दिया।
सफाई, स्वच्छता एवं पर्यावरण:
मेला क्षेत्र में प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का पूर्णतः प्रतिबंध। शौचालयों का पर्याप्त निर्माण। नजरी नक्शा (लेआउट प्लान) तैयार करने के निर्देश।
CCTV, फायर ब्रिगेड एवं आपात व्यवस्था:
पूरे क्षेत्र में पर्याप्त CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। फायर ब्रिगेड की तैनाती, रथ मेला के दौरान आपातकालीन स्थिति होने पर इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने (कोई बिजली कटौती न हो), मेला के दौरान चोरी की घटना को पूर्णतः रोकने के लिए सभी जगह सादे लिबाज में पुलिस तैनात रहेगी। तथा नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश।
पार्किंग व्यवस्था:
पार्किंग शुल्क निर्धारित किया जाएगा। अधिक शुल्क न लिया जाए तथा इसका डिस्प्ले अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
निविदा एवं सुंदरीकरण:
मेला को लेकर निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश। मंदिर परिसर में हो रहे सौंदर्यीकरण (सुंदरीकरण) कार्य की समीक्षा के लिए विशेष बैठक आयोजित करने के निर्देश।

जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जगन्नाथपुर रथयात्रा राँची की सांस्कृतिक पहचान है। इस 365 वें महोत्सव को हम सभी मिलकर भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाएंगे ताकि लाखों श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा के दर्शन कर सकें। सभी विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें। आपको बता दें कि इस वर्ष ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा की शुरुआत 16 जुलाई से हो रही है। दस दिवसीय यह आयोजन 25 जुलाई 2026 तक चलेगा।
बैठक में, अपर जिला दंडाधिकारी विधि – व्यवस्था रांची, श्री धनंजय, पुलिस अधीक्षक शहर ग्रामीण, ट्रैफ़िक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, श्री कुमार रजत, जिला जन संपर्क पदाधिकारी रांची, श्रीमती उर्वशी पांडेय, जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत, जल, यातायात एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
श्रावणी मेला के तैयारियों की समीक्षा:
रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में श्रावण माह 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन तथा मंदिर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रांची सदर के अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, नजारत उपसमाहर्त्ता सुदेश कुमार, सिविल सर्जन प्रभात कुमार, पहाड़ी मंदिर विकास समिति के सदस्यगण तथा संबंधित विभागों के पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक श्रावण मास रहेगा तथा 3, 10, 17 एवं 24 अगस्त को सोमवार पड़ने के कारण श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ होने की संभावना है। इसे देखते हुए रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अग्निशमन व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, चलंत शौचालय, स्ट्रीट लाइट की मरम्मति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने नगर निगम के नोडल पदाधिकारी को सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए समय पर कार्य पूर्ण कराने को कहा।
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि नाग पंचमी, पूर्णिमा तथा प्रत्येक सोमवार को मेडिकल टीम निर्धारित समय पर आवश्यक दवाओं एवं स्ट्रेचर के साथ स्थल पर उपलब्ध रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके।
यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आवश्यक बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए भीड़ प्रबंधन की प्रभावी योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि मजिस्ट्रेट, पुलिस बल एवं मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति इस प्रकार की जाए कि उनकी ड्यूटी में कम-से-कम एक घंटे का ओवरलैप रहे, जिससे किसी भी समय व्यवस्था में शिथिलता न आने पाए।
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने गर्भगृह तक निर्बाध एवं सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी प्रकार का लीकेज अथवा शॉर्ट सर्किट नहीं होना चाहिए। इसके लिए विद्युत विभाग को आयोजन प्रारंभ होने से एक सप्ताह पूर्व सुरक्षा प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही पूरे आयोजन अवधि के दौरान बिजली विभाग के कर्मियों की चौबीसों घंटे प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी के समीप सर्विस रोड की मरम्मति तथा पहाड़ी मंदिर के आसपास के अप्रोच रोड को दुरुस्त करने के निर्देश पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को दिये। इसके अलावा ड्रेनेज व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा खुली नालियों को ढंकने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में श्रद्धालुओं की आवाजाही के मार्गों से अतिक्रमण हटाने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा प्लास्टिक थैलियों का उपयोग न करने हेतु लोगोें को जागरुक करने का का निर्देश दिया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित एजेंसियों को समन्वित रूप से कार्य करने को कहा गया।
समन्वय एवं संचार व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए एक सेट वॉकी-टॉकी क्रय करने का भी निर्णय लिया गया, जिससे आयोजन अवधि के दौरान विभिन्न इकाइयों के बीच त्वरित संपर्क स्थापित किया जा सके।
बैठक के दौरान पहाड़ी मंदिर विकास समिति के वित्तीय एवं प्रशासनिक विषयों की भी समीक्षा की गई। रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने पिछले एक वर्ष के बैंक लेन-देन का विवरण प्राप्त करने के उपरांत संबंधित बैंक खाते को बंद करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
बैठक में मंदिर संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा प्रबंधन तथा श्रावण मेले के सफल आयोजन से संबंधित अन्य विभिन्न बिंदुओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।



