तेल विपणन कंपनियों की सामूहिक प्रेस वार्ता, पूणतः सामान्य आपूर्ति और पर्याप्त स्टॉक का किया दावा, कंपनियों ने कहा – हर दिन 80 हज़ार एलपीजी रिफिल की हो रही है डिलीवरी
पेट्रोल-डीजल का 12 दिनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, गैस वितरण में पारदर्शिता के लिए 95% बुकिंग डिजिटल माध्यम से संपन्न।

रांची. तेल विपणन कंपनियों ने संयुक्त रूप से राज्य में पेट्रोलियम उत्पादों की वर्तमान स्थिति पर बयान जारी किया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) की आपूर्ति पूरी तरह से स्थिर, नियंत्रित और सामान्य है। राज्य में वर्तमान में कुल 2084 रिटेल आउटलेट (1981 सार्वजनिक एवं 103 निजी) तथा 5 सप्लाई लोकेशन/डिपो संचालित हैं। प्रतिदिन औसतन 1750 KL पेट्रोल (MS) एवं 3450 KL डीजल (HSD) की उपलब्धता है। वर्तमान में राज्य में पेट्रोल एवं डीजल का लगभग 12 दिनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जनवरी-मार्च 2026 के आंकड़ों के अनुसार बिक्री पूरी तरह सामान्य है, जो मांग की स्थिरता को दर्शाता है।
प्रतिदिन 80 हज़ार एलपीजी रिफिल की हो रही है डिलीवरी, डिजिटलीकरण से आई पारदर्शिता
तेल विपणन कंपनियों के अनुसार एलपीजी आपूर्ति की स्थिति भी पूरी तरह स्थिर है। राज्य में 591 वितरकों एवं 5 बॉटलिंग प्लांट्स के माध्यम से लगभग 67.5 लाख उपभोक्ताओं को सेवा प्रदान की जा रही है। प्रतिदिन लगभग 80,000 रिफिल की डिलीवरी की जा रही है और लगभग 5 दिनों का बैकलॉग निर्धारित बुकिंग के अनुसार पूरा किया जा रहा है। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यावसायिक एलपीजी का 70% आवंटन स्तर बनाए रखा गया है। अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, रक्षा, रेलवे, सरकारी प्रतिष्ठान, होटल-रेस्टोरेंट एवं औद्योगिक इकाइयों को प्राथमिकता दी जा रही है।
होटल-रेस्त्रां को पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य, इलाके में नहीं है सुविधा तो देना होगा वचन पत्र
तेल विपणन कंपनियों के अनुसार होटल-रेस्त्रां संचालको को भारत सरकार के दिशानिर्देशानुसार पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य है। अगर उनके क्षेत्र में पीएनजी का कनेक्शन नहीं है, तो संचालको को वचन पत्र देना होगा की जब भी उनके क्षेत्र में पीएनजी कनेक्शन बहाल होगी, वे अविलम्ब पीएनजी कनेक्शन लेंगे। कंपनियों ने बताया कि एलपीजी सेवाओं में डिजिटलकरण को बढ़ावा देते हुए 95% बुकिंग डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जो दो माह पूर्व केवल 70% थी। वहीं 90% मामलों में डिलीवरी ऑथेंटिकेशन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता एवं सुरक्षा में वृद्धि हुई है।
तेल विपणन कंपनियों का दावा – स्टॉक भरपूर
तेल विपणन कंपनियों के पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार एवं संबंधित एजेंसियों के बीच नियमित समन्वय बैठकों एवं जिला स्तरीय निगरानी समितियों की सक्रियता से आपूर्ति तंत्र को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। नागरिकों से अपील है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, घबराहट में खरीदारी से बचें तथा भ्रामक सूचनाओं का प्रसार न करें। झारखंड की ऑयल मार्केटिंग कंपनियाँ राज्यवासियों को आश्वस्त करती हैं कि पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर एवं नियंत्रित है तथा आम जनता को निरंतर और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।



