JharkhandHeadlinesPoliticsRanchi

महिला सुरक्षा को लेकर हेमंत सरकार पर हमलावर हुई बीजेपी, नीरा यादव ने कहा – ध्वस्त कानून-व्यवस्था की मुख्यमंत्री लें जिम्मेदारी

पूर्व मंत्री सह कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना में न्याय की गुहार लेकर पहुंची महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा दुष्कर्म की घटना को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर जोरदार हमला बोला है।

रांची. पूर्व मंत्री सह कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना में न्याय की गुहार लेकर पहुंची महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा दुष्कर्म की घटना को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर जोरदार हमला बोला है। नीरा यादव ने कहा कि यह घटना केवल एक महिला के साथ हुआ अपराध नहीं, बल्कि पुलिस व्यवस्था और राज्य सरकार की जवाबदेही पर गंभीर सवाल है।

नीरा यादव ने कहा कि राज्य सरकार सबसे पहले पीड़िता को त्वरित न्याय दिलाना सुनिश्चित करे। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य की महिलाओं और आम जनता को यह बताएं कि झारखंड में ध्वस्त हो चुकी कानून-व्यवस्था का इकबाल दोबारा कैसे स्थापित होगा? जब तक अपराधियों के मन में कानून का भय नहीं होगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधरने वाली नहीं है। उन्होंने इस पूरे मामले में राज्य सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग की।

नीरा यादव ने कहा कि पति-पत्नी के आपसी विवाद में एक महिला न्याय की गुहार लेकर थाना पहुंचती है। रात हो जाने और असुरक्षा के भय से वह थाना परिसर में ही रुक जाती है। उसे भरोसा था कि पुलिस की मौजूदगी में वह सुरक्षित रहेगी। उसे क्या पता था कि जिस खाकी वर्दी पर सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी वर्दी में बैठा व्यक्ति उसकी अस्मिता पर हमला करेगा। रक्षक ही भक्षक बन जाएगा। उन्होंने कहा कि संकट के समय पुलिस को देखकर लोगों को भरोसा होता था कि अब उनकी सुरक्षा हो जाएगी, लेकिन इस घटना ने पुलिस की उस साख और जनता के उस विश्वास को गहरी चोट पहुंचाई है। एक पुलिसकर्मी की करतूत से पूरा पुलिस महकमा शर्मसार हुआ है।

उन्होंने कहा कि वीरों और बलिदानियों की धरती झारखंड की आज ऐसी तस्वीर सामने आना बेहद पीड़ादायक है। हम गर्व से कहते रहे हैं कि हम झारखंड वासी हैं परंतु आज बहुत ही शर्म और दुख का विषय है कि इस गठबंधन सरकार के कारण झारखंड शर्मसार हो रहा है, राज्य कलंकित हो रहा है। हमें अब कहने में शर्म आ रही है कि हम झारखंड वासी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button