
रांची. झारखंड में सरकारी नौकरी की आस लगाए युवाओ को हेमंत सरकार ने बड़ा सहारा दिया है। सीएम ने आज रिक्त पड़े जेपीएससी अध्यक्ष के पद पर पूर्व मुख्य सचिव एल ख्यांग्ते को नियुक्त कर दिया है। राज्य सरकार के प्रस्ताव पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज खुद राजभवन पहुंचकर राज्यपाल संतोष गंगवार को नए अध्यक्ष का प्रस्ताव दिया, जिसपर राज्यपाल ने अपनी मंजूरी दे दी।
जेपीएससी अध्यक्ष का पद 22 अगस्त 2024 से खाली है। इससे पहले हेमंत सोरेन की अध्यक्षता वाली सरकार ने ही झारखंड लोक सेवा आयोग को राज्य की पहली महिला जेपीएससी अध्यक्ष भी दिया था। आदिवासी समाज से निकली आईएएस अधिकारी मैरी नीलिमा केरकेट्टा को 22 सितंबर, 2022 को झारखंड लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष बनाया था।