
रांची: हेमंत सोरेन फिर से झारखंड के मुख्यमंत्री बनेंगे। आज ही मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आज शाम साढ़े 7 बजे हेमंत सोरेन और चंपाई सोरेन राज्यपाल से मिलने जाएंगे। मुख्यमंत्री चंपाई इस्तीफा सौंपेंगे और हेमंत शपथ ग्रहण के लिए समय मांगेंगे। संभव है कि अगले 1 या 2 दिन में हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन चेन्नई में थे। वे आज शाम रांची लौटें। इससे पहले रांची में सीएम आवास में विधायक दल की बैठक हुई। इसमें हेमंत सोरेन को विधायक दल का नेता चुना गया है। सभी विधायकों को सीएम आवास में ही रहने को कहा गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 5 दिन पहले जेल से रिहा हुए हैं। उनकी रिहाई के साथ ही झारखंड की राजनीति गरमा गई है। सीएम आवास में आज इंडिया ब्लॉक की बैठक हुई। बैठक में जेएमएम-कांग्रेस और राजद के विधायक और मंत्री शामिल हुए।