अपर बाजार का होगा पुनर्विकास, 1.34 एकड़ की जमीन होगी कब्ज़ा मुक्त, गोदामों व अवैध लोडिंग पर कसेगा शिकंजा, सभी व्यावसायिक परिसरों की होगी व्यापक जांच
राजधानी का दिल और सबसे बड़ा व्यावसायिक केंद्र 'अपर बाजार' जल्द ही एक सर्वसुविधायुक्त, अतिक्रमण मुक्त और आधुनिक कमर्शियल हब के रूप में नजर आएगा।

रांची. राजधानी का दिल और सबसे बड़ा व्यावसायिक केंद्र ‘अपर बाजार’ जल्द ही एक सर्वसुविधायुक्त, अतिक्रमण मुक्त और आधुनिक कमर्शियल हब के रूप में नजर आएगा। दशकों पुराने जर्जर व्यावसायिक ढांचों, संकरी गलियों में लगने वाले भीषण जाम और अनियंत्रित अतिक्रमण की समस्याओं से निपटने के लिए प्रशासन ने एक व्यापक पुनर्विकास योजना पर काम शुरू कर दिया है।
आज नगर निगम के प्रशासनिक अधिकारियों के एक उच्चस्तरीय दल ने हरमू रोड स्थित शनि मंदिर से लेकर कार्टसराए रोड, श्री राम जानकी मंदिर परिसर, जालान रोड, वेस्ट मार्केट रोड, नॉर्थ मार्केट रोड तथा चुरूवाला गली तक के पूरे क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य सरकारी परिसंपत्तियों का सही आंकलन, अतिक्रमण को चिह्नित करना और यातायात व व्यापारिक सुविधाओं को पारदर्शी ढंग से पुनर्व्यवस्थित करना है।
1.34 एकड़ कीमती जमीन होगी कब्जा मुक्त
निरीक्षण के दौरान शनि मंदिर के पीछे स्थित श्री राम जानकी मंदिर के चारों ओर मौजूद लगभग 1.34 एकड़ सरकारी भूमि का जायजा लिया गया। आवंटन अवधि समाप्त होने के बावजूद कई लोगों द्वारा इस कीमती जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए तत्काल कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है, ताकि इस भूमि का उपयोग जनहित और बाजार के विकास में हो सके।
608 जर्जर दुकानों की जगह बनेगा मल्टी-स्टोरी मॉडर्न कॉम्प्लेक्स
वेस्ट मार्केट रोड, नॉर्थ मार्केट रोड और चुरूवाला गली क्षेत्र में करीब 4.39 एकड़ भूमि पर फैली 608 दुकानें वर्तमान में अत्यधिक पुरानी और जर्जर स्थिति में हैं। पुरानी दुकानों को हटाकर आधुनिक सुविधाओं से लैस नया मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव है। राहत की बात यह है कि पूर्व से आवंटित दुकानदारों के हितों की रक्षा करते हुए नए व्यवसायियों को भी पारदर्शी प्रक्रिया के तहत दुकानें दी जाएंगी।
‘मल्टी-लेवल पार्किंग’ से खत्म होगी जाम की सिरदर्दी
अपर बाजार में लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या को हल करने के लिए जालान रोड स्थित धर्मशाला के समीप बनी दुकानों को हटाकर प्रस्तावित मल्टी-लेवल पार्किंग का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू हो सकेगी। जालान रोड स्थित ‘बिहारी धर्मशाला’ का नवीनीकरण कर इसे पुनः संचालित किया जाएगा ताकि आम नागरिक शादी-विवाह व सामाजिक कार्यक्रमों के लिए इसका उपयोग कर सकें। बिचौलियों को खत्म करने और पारदर्शिता लाने के लिए इसकी बुकिंग प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन की जा रही है।
जालान रोड पर लोडिंग-अनलोडिंग पर रोक, अवैध गोदाम होंगे सील
सड़कों पर मालवाहक वाहनों द्वारा लोडिंग-अनलोडिंग के कारण लगने वाले जाम पर सख्त रुख अपनाते हुए विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिया गया हैं। सभी प्रतिष्ठानों के होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस व कानूनी दस्तावेजों की जांच होगी। आवासीय मकानों में बिना अनुमति कमर्शियल गतिविधियां या गोदाम चलाने पर परिसरों को सील किया जाएगा। नगर नियोजक शाखा को अपर बाजार क्षेत्र के सभी नए व व्यावसायिक भवनों के सेटबैक एरिया पर अतिक्रमण, पार्किंग के दुरुपयोग और बिल्डिंग बाय-लॉज के उल्लंघन की जांच कर नियमसंगत सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।



