HeadlinesJharkhandPoliticsRanchi

14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा रद्द कराने और सीबीआई जांच की मांग को लेकर रांची से दिल्ली तक प्रदर्शन, 1 अगस्त को भाजयुमो झारखंड के सभी जिलों में करेगा प्रदर्शन, आज मशाल जुलुस

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू ने दिल्ली में भी इस मामले को उठाया। संसद के सामने आज भाजपा सांसदों द्वारा मौन आंदोलन किया गया।

रांची. झारखंड भाजपा द्वारा छात्र आंदोलन के समर्थन में 1 अगस्त को राज्य के सभी जिलों में भाजपा युवा मोर्चा की अगुवाई में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। वहीं 31 जुलाई की शाम को भाजपा के द्वारा राज्य के सभी मंडलों में मशाल जुलूस निकालने का भी निर्णय लिया गया है। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने दी।

अमर बाउरी ने राज्य के सभी विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, पिछले 6 वर्षों में हुई सभी परीक्षाओं की जांच सीबीआई से कराने, गड़बड़ियों की जांच फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कराकर दोषियों को जेल भेजने, कांग्रेस द्वारा राज्य सरकार से तत्काल समर्थन वापस लेने और नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री सह शिक्षा मंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की इस न्याय की लड़ाई में, उनकी मांग के साथ बीजेपी खड़ी है।

भाजपा नेताओ ने कहा कि राज्य सरकार की एजेंसियां असली मास्टरमाइंड को बचाने के लिए कवर फायर देने वाली संस्था बनकर रह गई है। सीआईडी, एसीबी जांच केवल बहाना है। जेपीएससी सदस्यों से सरकार का सीधा कनेक्शन है। सरकार के एक कद्दावर नेता की पत्नी इसमें अभी भी आयोग की मेंबर बनी हुई हैं। सरकार से जुड़े कई माफ़िया, सफेदपोश की सारी गड़बड़ियों में संलिप्तता है। केवल सीबीआई जांच से ही सारी चीजों से, करतूतों से पर्दा उठ सकता है।

संसद में गूंजी छात्र आंदोलन की आवाज

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू ने दिल्ली में भी इस मामले को उठाया। संसद के सामने आज भाजपा सांसदों द्वारा मौन आंदोलन किया गया। इस दौरान आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा झारखंड में छात्रों के साथ हुए अन्याय के साथ हर कदम पर पूरी मजबूती के साथ उनकी हर लड़ाई में साथ है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button