JharkhandHeadlines

153 आश्रितों को अनुकंपा पर मिली नियुक्ति, दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को मिला सहारा, 3 मामले अस्वीकृत, 4 लंबित

स्वीकृत पदों में 62 बाल आरक्षी, 24 महिला आरक्षी, 66 आरक्षी और 01 अग्निक चालक शामिल

रांची. झारखंड पुलिस मुख्यालय ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों को बड़ा सहारा दिया है। रांची में पुलिस मुख्यालय स्तरीय अनुकंपा समिति की बैठक आयोजित की गई। अपर पुलिस महानिदेशक (ADG), मुख्यालय की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुल 160 लंबित मामलों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। जिसमें से 153 मामलों में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति प्रदान करने का निर्णय लिया गया, 4 मामलों को विभिन्न कारणों से लंबित रखा गया और 3 मामलों को नियमानुसार अस्वीकृत किया गया।

उक्त बैठक में लिये गये निर्णय के आलोक में स्वीकृत नियुक्तियों में बाल आरक्षी के पद पर 62, महिला आरक्षी के पद पर 24, आरक्षी के पद पर 66 तथा अग्निक चालक के पद पर 1, कुल-153 पदों पर आश्रितों को नियुक्त किया गया। पुलिस मुख्यालय की ओर से बताया गया कि अनुकंपा नियुक्ति एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील विषय है, जिसका उद्देश्य दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना है। इस दिशा में पुलिस मुख्यालय स्तर से निरंतर हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

इससे पूर्व भी 9 अक्टूबर, 2025 को हुए पुलिस मुख्यालय स्तरीय अनुकंपा समिति की बैठक में कुल 85 मामलों पर विचार किया गया था, जिसमें से कुल-84 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्त किया गया था। झारखंड पुलिस अपने कर्मियों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के प्रति सदैव संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है तथा ऐसी प्रक्रियाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button