विशेष गहन पुनरीक्षण: मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य जारी, जानिये कैसे भरे मतदाता एनयूमेरशन फॉर्म..
राज्य में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के अंतर्गत गणना प्रपत्रों (Enumeration form) के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य जारी है।

रांची. राज्य में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के अंतर्गत गणना प्रपत्रों (Enumeration form) के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य जारी है। सभी विधानसभा क्षेत्रों में आज सुबह से ही बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर पहुंचकर मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्रों का वितरण करने में जुटे हैं। रांची जिला प्रशासन ने सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे प्रतिदिन सुबह के समय अधिक से अधिक घरों तक पहुंचकर फॉर्म का वितरण एवं संग्रहण करें, क्योंकि इस समय अधिकांश मतदाता अपने घरों पर उपलब्ध रहते हैं। इससे ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी तथा अभियान को गति मिलेगी।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने यह भी निर्देश दिया है कि दोपहर के बाद BLO द्वारा संग्रहित गणना प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटाइजेशन किया जाए, ताकि वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन, तीनों कार्य समानांतर रूप से प्रभावी ढंग से संचालित हो सकें और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके। जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से एक बार फिर से अपील की है कि वे बीएलओ के साथ पूर्ण सहयोग करें, गणना प्रपत्र सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
कैसे भरे गणना प्रपत्र (Enumeration form), इस वीडियो में देखे..



