हिमांशु सिंह हत्याकांड पर भाजपा के तेवर तल्ख़, 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद की घोषणा, परिजनों से मिले रघुवर दास, पुलिस की कार्यशैली पर उठाये सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जमशेदपुर के हिमांशु हत्याकांड पर राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि झारखंड में 'रूल ऑफ लॉ' का गंभीर संकट है

रांची. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जमशेदपुर के हिमांशु हत्याकांड पर राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जमशेदपुर की घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि कानून के शासन पर सीधा हमला है। झारखंड में ‘रूल ऑफ लॉ’ का गंभीर संकट है।
आदित्य साहू ने कहा कि जमशेदपुर की घटना और प्रदेश में ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था के खिलाफ तीन जुलाई को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया गया है। उन्होंने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की विधि व्यवस्था को लेकर तत्काल ठोस और कारगर कदम उठाये अन्यथा झारखंड बंद किया जाएगा।
आदित्य साहू ने कहा कि जमशेदपुर की घटना रौंगटे खड़ी करने वाली है। यह घटना राज्य में अपराधियों द्वारा समानांतर सरकार चलाने का बड़ा उदाहरण है। इस घटना से पूरा राज्य हतप्रभ है। जमशेदपुर की घटना में पुलिस मूकदर्शक बनी रही। राज्य सरकार और यहां के पुलिस प्रशासन के लिए इससे शर्मनाक बात और क्या हो सकती है? पुलिस की मौजूदगी में पुलिस वैन से युवक को खींचकर हत्या कर देना बताता है कि अपराधियों के मन में कानून का कोई भय नहीं बचा है।
आदित्य साहू ने इस मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनपर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग के साथ सभी दोषियों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
जिन अफसरों का कार्यकाल पूरा हो गया, उनका किया गया ट्रांसफर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ने कहा कि आखिरकार मुख्यमंत्री द्वारा जन दबाव में अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। वैसे भी इन अफसरों का कार्यकाल लगभग पूरा हो चुका था। इन अफसरों को सरकार द्वारा हटाने के 12 घंटे से अधिक समय बाद भी नए एसपी की पोस्टिंग नहीं होना सरकार की मंशा पर बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पोस्टिंग का दर तय किया जा रहा है और मोलभाव तय नहीं होने के कारण सरकार को नए एसपी की पोस्टिंग करने में दिक्कत आ रही है।

पूर्व सीएम रघुवर दास परिजनों से मिले
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास आज हिमांशु के परिजनों से मिले। इस दौरान उन्होंने सरकार से हिमांशु सिंह के परिजन को सरकारी नौकरी देने की मांग करते हुए कहा कि पुलिस सही समय पर कार्रवाई करती तो हिमांशु की जान बचायी जा सकती थी। किसी भी प्रदेश की जनता की सुरक्षा के लिए सरकार जिम्मेदार होती है, लेकिन झारखंड की सरकार अपराधी, बालू-पत्थर माफिया की सरकार है। रघुवर दास ने परिजनों से मुलाकात के दौरान गृह सचिव वंदना डाडेल, एडीजी मनोज कौशिक के अलावा सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर के उपायुक्त से फोन पर वार्ता कर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आग्रह किया।



