झारखंड में SIR के एन्यूमरेशन फेज का पहला दिन, 14,41,369 प्रपत्र हुए वितरित, 29,000 प्रपत्रों का हुआ डिजिटलीकरण, 39.24% प्रपत्र वितरण के साथ पश्चिम सिंघभूम का जगन्नाथपुर सबसे आगे
रांची विधानसभा में मात्र 0.40% प्रपत्रों का हुआ वितरण, प्रपत्र वितरण को डिजिटल रूप में दर्ज करने के मामले में कोलेबिरा विधानसभा सबसे आगे

रांची. झारखंड में आज से शुरू हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एन्यूमरेशन फेज का आज पहला दिन था। एसआईआर के सबसे जरुरी चरण में राज्य भर में कुल 29,571 बूथ स्तर के अधिकारियों को तैनात किया गया है। अभियान के पहले दिन शाम तक कुल 14,41,369 प्रपत्रों (Enumeration Forms) का वितरण किया जा चुका है, जो कुल मतदाताओं का 5.45% है। हालांकि, वितरण के मुकाबले डिजिटलीकरण की गति अभी धीमी है और अब तक केवल 29,000 प्रपत्र ही डिजिटाइज़ हो पाए हैं, जो कुल मिलाकर 0.11% की शुरुआती डिजिटल प्रगति को दर्शाता है।
जिला-वार प्रगति का विश्लेषण करने पर यह स्पष्ट होता है कि विभिन्न क्षेत्रों में काम की रफ्तार में काफी अंतर है। कोल्हान प्रमंडल के पश्चिम सिंहभूम जिले ने इस अभियान में सबसे बेहतरीन शुरुआत की है, जहां 10,84,238 मतदाताओं के बीच 2,52,195 प्रपत्रों का वितरण किया गया है। यह कुल मतदाताओं का 23.26% है और साथ ही सर्वाधिक 4,681 प्रपत्रों का डिजिटलीकरण भी पूरा कर लिया गया है। इसके बाद गोड्डा जिला 9.94% और पाकुड़ जिला 9.65% प्रपत्र वितरण के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
दूसरी ओर राज्य के सबसे बड़े जिलों और शहरी क्षेत्रों में रफ्तार अभी काफी धीमी देखी जा रही है। हजारीबाग जिले में 2.50% प्रपत्रों का वितरण किया गया है। राजधानी रांची में भी केवल 2.60% प्रपत्र वितरण दर्ज किया गया। धनबाद और पलामू जैसे बड़े जिलों में भी क्रमशः 3.50% और 2.90% की ही धीमी शुरुआत दर्ज की गई है।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के स्तर पर देखा जाए तो पश्चिम सिंहभूम जिले का जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र पूरे राज्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहा है, जहां सबसे ज्यादा 39.24% प्रपत्रों का वितरण हो चुका है। इसके अतिरिक्त इसी जिले के चक्रधरपुर में 27.12% और मनोहरपुर में 20.01% काम पूरा हो चुका है। इसके ठीक विपरीत रांची विधानसभा क्षेत्र में स्थिति सबसे चिंताजनक है, जहां शुरुआती दिन में मात्र 0.40% प्रपत्र ही बांटे जा सके हैं। सरायकेला में भी यह आंकड़ा महज 0.91% ही पहुंच पाया है। डेटा एंट्री और डिजिटलीकरण के मामले में सिमडेगा जिले के सिमडेगा और कोलेबिरा विधानसभा क्षेत्रों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है, जहां कोलेबिरा में 1.16% (2,446 प्रपत्र) और सिमडेगा में 0.89% (2,188 प्रपत्र) डिजिटाइजेशन का कार्य पहले ही दिन निपटा लिया गया है।



