नामकुम में हथियार और जिंदा कारतूस के साथ शमशेर हत्याकांड का मुख्य आरोपी ‘खालिद बंगाली’ गिरफ्तार, आर्मी ग्राउंड में कर रहा था अड्डेबाजी, 4 किलो अफीम के साथ एक तस्कर को भी दबोचा
पुलिस ने नामकुम थाना क्षेत्र में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए अवैध मादक पदार्थों (अफीम) की तस्करी और सामलौंग हत्याकांड के मुख्य आरोपी पर नकेल कसने में बड़ी सफलता हासिल की है।

रांची. पुलिस ने नामकुम थाना क्षेत्र में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए अवैध मादक पदार्थों (अफीम) की तस्करी और सामलौंग हत्याकांड के मुख्य आरोपी पर नकेल कसने में बड़ी सफलता हासिल की है। मिली गुप्त सूचनाओं के आधार पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर इन दोनों ऑपरेशनों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
सामलौंग गोलीकांड का खुलासा
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुटियातु स्थित 89-आर्मी ग्राउंड के पास कुछ अपराधी इकट्ठा होकर किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। नामकुम थाना प्रभारी और गश्ती दल ने जब मौके पर दबिश दी, तो दो युवक अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पुलिस ने खदेड़कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा। पकड़े गए अपराधी का नाम मो० खालिद उर्फ खालिद बंगाली उर्फ चुजा (26 वर्ष) है, जो वर्तमान में मिल्लत कॉलोनी में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसकी कमर से 01 लोडेड देशी कट्टा, पैंट की जेब से जिंदा गोली और एक वीवो एंड्रॉइड मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि खालिद एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही लोअर बाजार और डेली मार्केट थानों में आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
आरोपी खालिद ने पुलिस की पूछताछ में स्वीकार किया कि बीते 10 जून की शाम उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जमीनी विवाद का बदला लेने के उद्देश्य से सामलौंग स्थित अराफत अपार्टमेंट के पास मो० शमसेर आलम पर जानलेवा गोलीबारी की थी, जिसमें शमसेर जख्मी हो गया था। इस मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपी (सद्दाम उर्फ टीपू और मो० ईरशाद आलम) पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुका हैं। पुलिस ने खालिद को गिरफ्तार कर लिया है और फरार दूसरे अपराधी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
4 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, राईसा नदी के पास घेराबंदी
गुप्त सूचना के आधार पर रांची पुलिस ने सनिका मुण्डा नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उक्त तस्कर पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर तैमारा की ओर से भारी मात्रा में अवैध अफीम लेकर रामपुर की तरफ बेचने जा रहा था। उसे दबोचने के लिए नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह और सशस्त्र बलों की एक टीम ने रांची-टाटा रोड पर नामकुम और दशमफॉल् थाना की सीमा पर स्थित राईसा नदी के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान तैमारा की तरफ से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार (रजिस्ट्रेशन नंबर-JH01CG-8272) को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो वह तेजी से गाड़ी घुमाकर भागने लगा। मुस्तैद पुलिस बल के जवानो ने तुरंत घेराबंदी कर उसे मोटरसाइकिल सहित दबोच लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सनिका मुण्डा (40 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल पर टंगे झोले से 4.305 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। इसके अलावा उसके पास से एक नोकिया कीपैड मोबाइल भी जप्त किया गया। आरोपी ने कुबूल किया कि वह अपने ही खेत में अफीम की अवैध खेती कर इसे निकालता था और पहले भी कई बार ग्राहकों को बेच चुका है। वह इस खेप को रामपुर में एक व्यक्ति को तयशुदा रकम में बेचने जा रहा था।



