पहाड़ी मंदिर के पास ठेले में आग लगाने वाला रंगदार सुशांत यादव गिरफ्तार, सुखदेव नगर पुलिस की महुआ टोली में छापेमारी, अवैध देसी शराब भट्ठी ध्वस्त कर 10 क्विंटल जावा महुआ किया गया नष्ट
27 मई को पहाड़ी मंदिर के पास स्थित चूड़ी ठेले पर आग लगाने वाले मुख्य आरोपी को आज रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है

रांची. 27 मई को पहाड़ी मंदिर के पास स्थित चूड़ी ठेले पर आग लगाने वाले मुख्य आरोपी को आज रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं अवैध महुआ शराब निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर महुआ टोली स्थित अवैध शराब भट्ठी को भी ध्वस्त कर दिया है। इस संबंध में कार्रवाई के लिए वादी उमेश केशरी ने सुखदेव नगर थाने में कंप्यूटरीकृत आवेदन दिया था। पुलिस ने जांच में पाया कि मुख्य आरोपी सुशांत यादव और विक्की यादव (दोनों पिता उमेश यादव) नशे की हालत में 25 मई को उमेश केशरी के ठेले पर आए और जबरन 2,000 से 3,000 रुपये की रंगदारी मांगने लगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने वादी के साथ गाली-गलौज की और उनके परिवार को उठा लेने तथा जान-माल का नुकसान पहुँचाने की गंभीर धमकी दी।
इसके बाद मई को रात्रि करीब 01:00 से 02:00 बजे के बीच उक्त दोनों आरोपियों ने पहाड़ी मंदिर के पास किनारे पर लगे उमेश केशरी के ठेले की रेकी की और पेट्रोल डालकर उसमें आग लगा दी। इस अगजनी के कारण करीब 80 से 85 हजार रुपये का भारी नुकसान हुआ। सुखदेव नगर पुलिस द्वारा जब घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज का गहनता से अवलोकन और छानबीन की गई, तो फुटेज से यह स्पष्ट पुष्टि हुई कि ठेले में आग लगाने वाले युवक सुशांत यादव और विक्की यादव ही थे।
आरोपियों को बी०एन०एस० की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया गया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य प्राथमिकी अभियुक्त सुशांत यादव को गिरफ्तार कर लिया, जिसे आज न्यायिक कस्टडी में भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के दिशा-निर्देशानुसार क्षेत्र में अवैध देसी शराब और महुआ के विनिष्टीकरण हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुखदेवनगर पुलिस को सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम द्वारा आसूचना संकलन के आधार पर निरंतर क्षेत्र में गश्त और छापेमारी की जा रही है।

इसी क्रम में सुखदेवनगर थाना क्षेत्रान्तर्गत अंतर्गत महुआ टोली में एक संदिग्ध घर को चिन्हित कर छापेमारी की गई। पुलिस की अचानक हुई इस दबिश को भांपकर अवैध महुआ शराब बनाने वाले धंधेबाज मौके से फरार होने में सफल रहे। तत्पश्चात, पुलिस टीम द्वारा उक्त घर की चहारदीवारी के भीतर गहन तलाशी ली गई, जहाँ भारी मात्रा में शराब बनाने की सामग्री बरामद हुई। अभियान के दौरान पुलिस ने मौके पर ही लगभग 10 क्विंटल अवैध जावा महुआ को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। साथ ही, अवैध महुआ शराब तैयार करने के लिए संचालित की जा रही भट्ठी को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। फरार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



