रांची समेत राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई स्थानों पर सुबह से बिजली गुल
लगातार हो रही बारिश के जगह-जगह पानी भर गया है। रांची में पिछले 24 घंटे में सुबह साढ़े आठ बजे तक 54.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सुबह 8:30 बजे तक चाईबासा में 191.6 मिलीमीटर, रामगढ़ में 14

रांची समेत झारखंड के कई जिलों में शुक्रवार से हो रही लगातार बारिश के चलते जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। जलस्तर बढ़ने से राज्य के विभिन्न जिलों में नदियां उफना गई हैं। झरनों ने भी विकराल रूप ले लिया है। बारिश के साथ तेज हवा के कारण कई जिलों में पेड़ गिरने से नुकसान की खबर है। रामगढ़ जिले से होकर बहने वाली हरिहरपुर नदी के उफनाने के चलते इसमें दो कार बह गई। इसमें सात लोग सवार थे। हालांकि इनमें से दो की लाश बरामद हो गई, जबकि पांच लोग अब भी लापता हैं।
वहीं, रांची समेत राज्य के कई स्थानों पर सुबह से ही बिजली गुल रहने के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। बिजली नहीं होने से घरों में पीने के पानी तक की किल्लत हो गई है। बता दें कि मौसम विज्ञान केंद्र ने रांची समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में बने निम्न दबाव के मजबूत होने से भारी बारिश की स्थिति उत्पन्न हुई है।
रांची में शुक्रवार से हो रही बारिश और चल रही तेज हवा
राजधानी रांची में शुक्रवार से ही लगातार बारिश का दौर जारी है। लेकिन शनिवार रात से शुरू हुई तेज बारिश और हवा के चलते शहर में कई स्थानों पर पेड़ उड़खकर धराशायी हो गए। शहर में जगह-जगह सड़कों के बीचोंबीच पेड़ गिरने से यातायात तक ठप हो गया। बरियातू जाने वाली सड़क पर ही अचानक एक विशाल पेड़ के गिरने से राहगीर बाल-बाल बच गए। हालांकि इसके चलते काफी देर तक इस मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मेकॉन में जेवीएम श्यामली स्कूल के पास भी एक पेड़ गिर गया, लेकिन इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जबकि इसी इलाके में विशाल पेड़ के उखड़ जाने से एक दीवार धराशायी हो गई। रांची सिविल कोर्ट परिसर में कई पेड़ तेज हवा और बारिश के चलते गिर पड़े। इसके नीचे दबने से कई वाहनों को नुकसान हुआ है। हाईकोर्ट के पास ही भी एक पेड़ गिरने से वहां खड़े वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, नीम चौक से डोरंडा जाने वाले मार्ग पर बने बुसुर पुल के ऊपर से पानी बहने के चलते वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा झारखंड में खराब हुए मौसम के चलते विमास सेवाओं पर असर देखने को मिला है। बारिश और तेज हवा चलने के कारण इंडिगो ने मुंबई, अहमदाबाद, पटना, दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु की विमान सेवाओं को रद्द कर दिया है।
इन स्थानों पर रिकॉर्ड की गई बारिश
लगातार हो रही बारिश के जगह-जगह पानी भर गया है। रांची में पिछले 24 घंटे में सुबह साढ़े आठ बजे तक 54.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सुबह 8:30 बजे तक चाईबासा में 191.6 मिलीमीटर, रामगढ़ में 142.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, जमशेदपुर में 137 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।