HeadlinesJharkhandRanchi

मां के दिव्य दरबारों में कल से ही दर्शन, प्रशासन भी मुस्तैद, सामाजिक संगठनो के स्वयंसेवक करेंगे श्रद्धालुओं की सहायता, जानिये कल कितने बजे पूजा पंडालों का खुलेगा पट..

शहर में कल से ही मां भवानी के भक्तो को मां की आलौकिक आभा के दर्शन होंगे। राजधानी के कई पूजा पंडालों के पट कल आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

रांची. शहर में कल से ही मां भवानी के भक्तो को मां की आलौकिक आभा के दर्शन होंगे। राजधानी के कई पूजा पंडालों के पट कल आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। भक्त कल शाम से ही मां दुर्गा के दिव्य दरबारों की छटा देखने जा सकते है। कल जिन पूजा पंडालों के पट खुलेंगे उनमे भारतीय युवक संघ (बकरी बाजार), श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति (जिला स्कूल), चंद्रशेखर आज़ाद दुर्गा पूजा समिति (सर्जना चौक), ओसीसी क्लब जैसे महत्वपूर्ण पूजा पंडाल भी शामिल है।

श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति (जिला स्कूल), भारतीय युवक संघ दुर्गा पूजा समिति (बकरी बाजार), चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति, मेन रोड और राजस्थान मित्र मंडल (सेवा सदन पथ) के पंडाल का उद्घाटन शाम 6 बजे होगा।

गीतांजलि क्लब (मोराबादी), रांची रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा समिति, ज्योति संगम श्री दुर्गा पूजा समिति (बालकृष्ण स्कूल अपर बाजार) के पंडाल के पट शाम 7 बजे खुलेंगे। ओसीसी क्लब दुर्गा पूजा समिति (बांग्ला स्कूल) और त्रिकोण हवन कुंड दुर्गा पूजा समिति (सुभाष चौक) पूजा पंडालों के पट शाम 7.30 बजे तक खोल दिए जाएंगे।

पूजा की तैयारियों की समीक्षा, पंडालों में नशा मुक्ति के विरुद्ध प्रचार प्रसार पर जोर

रांची में दुर्गा पूजा को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन भी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। आज उपयुक्त की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमे जिले में पूजा पंडालों, बिजली व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, फायर ब्रिगेड और विसर्जन घाटों की तैयारियों की समीक्षा की।

उपायुक्त ने बिजली विभाग को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की बिजली संबंधी समस्या से निपटने के लिए 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। उन्होंने प्रमुख पंडालों में पर्याप्त संख्या में बिजली कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का स्पष्ट निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके।

सभी पूजा पंडाल समितियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि वे सुरक्षा संबंधी निर्धारित सभी मानकों का पालन करें तथा आवश्यक सुरक्षा प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) अनिवार्य रूप से प्राप्त कर अपने पास सुरक्षित रखें। शहर में पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी, जो पूरे समय 24 घंटे सक्रिय रहेगा। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।

शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी पूजा पंडालों में नशा मुक्ति के विरुद्ध अभियान

इस वर्ष राज्य सरकार के निर्देशानुसार नशा मुक्ति अभियान पर विशेष जोर दिया जा रहा है। रांची जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी पूजा पंडालों में नशा मुक्ति को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सभी पंडालों में नशा मुक्ति संबंधी फ्लेक्स लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को इस कुरीति से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सके तथा नशा सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूकता फैलाई जा सके। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि पंडालों में नशा-मुक्ति संदेशों का प्रदर्शन अनिवार्य होगा।

विभिन्न पूजा समितियां भी सेवा में रहेंगी

दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान विभिन्न सामाजिक, गैर राजनैतिक संगठन के स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तैनात रहेंगे। रांची में युवा दस्ता, हिन्दू युवा वाहिनी, मां काली सेना, मां भवानी दुर्गा पूजा सुरक्षा समिति, बजरंग दल, महानगर दुर्गा पूजा समिति, जैसे कई संगठन अपने अपने स्तर पर मां के भक्तो को सहायता करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button