HeadlinesJharkhandRanchi

छात्रों का मुद्दा राज्य का सबसे जवलंत मुद्दा, मामले को विधानसभा सत्र में मुखरता से उठाएगी भाजपा: बाबूलाल मरांडी

रांची: झारखंड एनडीए विधायक दल की बैठक भाजपा प्रदेश कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी मुख्य रूप से मौजूद थे। बैठक के बाद मीडिया को ब्रीफिंग करते हुए मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि इस बैठक के पूर्व नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में एनडीए के विधायक 12 दिनों से आंदोलनरत छात्रों से जयपाल सिंह स्टेडियम में जाकर मिले। हमारी पार्टी ने छात्रों से उनकी बातों को गंभीरता पूर्वक सुना।

छात्रों से वार्ता करने के बाद आयोजित बैठक में पार्टी के सभी विधायकों का एक ही निर्णय हुआ कि अभी राज्य में छात्रों का मुद्दा सबसे जवलंत मुद्दा है। राज्य सरकार झारखंड में युवाओं का भविष्य बेचने का काम कर रही है, इनका भविष्य पूरी तरह अंधकारमय हो चुका है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी परीक्षा के बाद पेपर लीक नहीं बल्कि पेपर फिक्स का साक्ष्य सामने आ रहा है। यहां नौकरी को बेचा गया है। कम मार्क्स वाला अभ्यर्थी पास कर गया और जो ज्यादा मार्क्स लाया, वह फेल कर गया। राज्य सरकार के आशीर्वाद से परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी ने घोटाले को अंजाम दिया है।

उन्होंने कहा कि सीआईडी जांच पर छात्रों का साफ कहना है कि यह महज आईवॉश है। 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा तत्काल रद्द हो। जांच में पता चला है कि दो नाम वाला अभय तिवारी एजेंसी में मार्केटिंग मैनेजर होने के बलबूते वह 13 में से 12 परीक्षा पास किया है। कुछ कुछ परीक्षा में तो टॉप भी किया है। यहां उसके द्वारा नौकरी के नाम पर 20-30 लाख रुपये वसूला गया। सरकारी सांठगांठ से नौकरी बेचा गया।

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी की मांग है कि 2019 के बाद की सभी परीक्षाओं की जांच उच्च न्यायालय की देखरेख में CBI करे। साथ ही नैतिकता के नाते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी तत्काल इस्तीफा दे देनी चाहिए। इसकी मांग भी हमारी पार्टी करती है।

वहीं उन्होंने दिल्ली और झारखंड के मुद्दे पर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियों के नेताओं पर दोहरी राजनीति करने की बात कही। कहा कि दिल्ली में धरना देने वाले छात्रों का कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव सहित अन्य पीठ थपथपाने गए थे लेकिन झारखंड में छात्रों का सपोर्ट करने ये लोग नहीं आये।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जांच की मांग कर रही है और अगर हेमंत सरकार उनकी नहीं सुन रही हैं तो झारखंड सरकार से कांग्रेस को अपना समर्थन तुरंत वापस ले लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सभी एनडीए के विधायक 12 अगस्त तक चलने वाली विधानसभा सत्र के दौरान छात्रों की मांग को पूरी मुखरता और मजबूती से उठाएंगे।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, मनोज यादव, सत्येंद्र नाथ तिवारी, डॉ नीरा यादव, अमित कुमार यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, नागेंद्र महतो, रौशनलाल चौधरी, कुमार उज्जवल, रागिनी सिंह, शत्रुघन महतो, मंजु कुमारी, आजसू विधायक निर्मल महतो, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button