HeadlinesJharkhandRanchi

झारखंड के आदिवासी और पिछड़े वर्ग के छात्रों को हेमंत सरकार दे रही है विदेशो में पढ़ने का मौका, पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगी झारखंड सरकार

राज्य सरकार ने इस बार योजना विस्तार करते हुए कुल सीटों की संख्या को 25 से बढ़ाकर 50 कर दिया है।

रांची. झारखंड के मेधावी और प्रतिभावान छात्रों के लिए विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी ‘मरांग गोमके जयपाल सिंह मुण्डा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना’ के तहत यूनाइटेड किंगडम और उत्तरी आयरलैंड के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में 1 वर्षीय मास्टर्स कोर्स के लिए आवेदन की प्रक्रिया जारी है। योग्य उम्मीदवार आगामी 20 जून 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।

राज्य सरकार ने इस बार योजना विस्तार करते हुए कुल सीटों की संख्या को 25 से बढ़ाकर 50 कर दिया है। इसका सीधा लाभ अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को मिलेगा। सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के पिछड़े और वंचित वर्ग के युवाओं को वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना है।

यह योजना पूरी तरह से फुली-फंडेड है। चयनित छात्र-छात्राओं का 100% शिक्षण शुल्क, वीजा शुल्क, स्वास्थ्य बीमा और हवाई यात्रा का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। इसके अलावा, छात्रों को लंदन में रहने के लिए 20,000 पाउंड और लंदन से बाहर के विश्वविद्यालयों के लिए 16,500 पाउंड का वार्षिक भत्ता भी दिया जाएगा।

इस योजना के तहत कुल 50 सीटों को विभिन्न वर्गों में पारदर्शिता के साथ विभाजित किया गया है। साथ ही, बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए कुल सीटों में से 30 प्रतिशत सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित रखी गई हैं। कुल सीटों में अनुसूचित जनजाति के लिए 20, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 14, अनुसूचित जाति के लिए 10, अल्पसंख्यक छात्रों के लिए 6 सीटें निर्धारित की गयी है। कुल सीटों का 30% भाग छात्राओं के लिए सुरक्षित रखा गया है।

इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक का झारखंड राज्य का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही छात्र के परिवार की कुल वार्षिक आय 12 लाख या उससे कम होनी चाहिए। आवेदन की तिथि को उम्मीदवार की अधिकतम आयु 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक में न्यूनतम 55% अंक होने आवश्यक हैं। साथ ही संबंधित विषय या क्षेत्र में न्यूनतम 2 वर्ष का कार्य अनुभव होना अनिवार्य है।

आवेदन कैसे करें?

इच्छुक और योग्य उम्मीदवार योजना की विस्तृत गाइडलाइंस और दिशा-निर्देशों के लिए झारखण्ड सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://mgos.jharkhand.gov.in/ पर जा सकते हैं। ध्यान रहे कि ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 जून, 2026 निर्धारित की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button