
रांची: राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से पर्यवेक्षक बनाए गए भूपेश बघेल और अजय शर्मा ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की. करीब दो घंटे चली मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री आवास से बाहर निकलने पर भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत की.
उन्होंने कहा कि कहीं कोई गतिरोध नहीं है और महागठबंधन के उम्मीदवार राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेंगे. उन्होंने साफ कहा कि महागठबंधन के दलों के बीच कोई मिसअंडरस्टैंडिंग नहीं है. भूपेश बघेल ने कहा कि काफी सौहार्दपूर्ण माहौल में मुख्यमंत्री के साथ वार्ता हुई है.
वहीं अजय शर्मा ने कहा कि हमारा गठबंधन बहुत मजबूत है और महागठबंधन दोनों सीटें जीतने जा रहा है, जहां तक झामुमो के नेताओं की भावना का सवाल है, पार्टी के अंदर ऐसी भावनाएं आती हैं, लेकिन अंतिम फैसला नेता को लेना होता है. हमारी बात मुख्यमंत्री और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन से हुई है. कहीं कोई कंफ्यूजन वाली स्थिति नहीं है.



