
रांची: नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने आज कांके डैम तटवर्ती क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया । इस दौरान उन्होंने स्वच्छता, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, निर्माण और ड्रेनेज की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। कांके डैम के अस्तित्व को बचाने और इसके संरक्षण के लिए नगर आयुक्त ने एक स्पेशल टास्क फोर्स (STF) गठित करने का निर्देश दिया है । इस टास्क फोर्स में स्वच्छता, नगर निवेशक, अभियंत्रण, ट्रांसपोर्ट, भू-संपदा शाखा और अंचल कार्यालय की टीम को संयुक्त रूप से शामिल किया गया है, जो मिलकर एक ठोस कार्य योजना तैयार करेगी।

डैम में सीधे गिरने वाले नालों पर लगेगी तत्काल रोक:
नगर आयुक्त ने कहा कि डैम में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए त्वरित और दीर्घकालिक उपायों पर जोर दिया जाए। नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा को निर्देशित किया है कि डैम में सीधे गिरने वाले सभी नालों को चिन्हित कर उनके प्रवाह को तुरंत रोका जाए। इसके साथ ही घरों से निकलने वाले ड्रेनेज को डायवर्ट करने, सोकपीट निर्माण को बढ़ावा देने और डैम में किसी भी प्रकार के प्रदूषित तरल अपशिष्ट के बहाव पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की कार्ययोजना बनाने का निर्देश गया है।
कैचमेंट एरिया की मापी और ड्रोन मैपिंग:
भू-संपदा शाखा और अंचल प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि वे कांके डैम के संपूर्ण कैचमेंट एरिया की मापी कराकर उसकी विधिवत घेराबंदी सुनिश्चित करें। इसके अलावा, पूरे कैचमेंट क्षेत्र की ड्रोन मैपिंग कराई जाएगी। इसके जरिए प्लॉटवार अतिक्रमण, अवैध निर्माण और अवैध व्यावसायिक गतिविधियों की सटीक पहचान की जाएगी और चिन्हित मामलों में नियमानुसार नोटिस देकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

अवैध खटालों और बाउंड्री वॉल पर चलेगा बुलडोजर:
इनफोर्समेंट टीम को तत्काल प्रभाव से डैम क्षेत्र में संचालित हो रहे सभी अवैध खटालों, अवैध संरचनाओं और अवैध बाउंड्री वॉल को हटाने का सख्त निर्देश दिया गया है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जलाशय क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए बताया कि वाटर बॉडीज की अधिगृहित भूमि से 15 मीटर के दायरे (परिधि) में किसी भी प्रकार का निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है।
जलकुंभी हटाना और एंड-टू-एंड वॉकवे का निर्माण:
डैम की जलधारण क्षमता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्वच्छता एवं ट्रांसपोर्ट शाखा को पोकलेन और वीड हार्वेस्टिंग मशीनों के जरिए नियमित रूप से जलकुंभी व गाद हटाने का अभियान तेज करने का निर्देश मिला है । साथ ही, आम नागरिकों की सुविधा के लिए अभियंत्रण शाखा को संपूर्ण कैचमेंट एरिया में एंड-टू-एंड वॉकवे निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है, जिससे यह क्षेत्र एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित हो सके।



