CrimeHeadlinesJharkhandRanchi

अपराधियों पर रांची पुलिस का ‘प्रहार’: 30 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार, 135 से अधिक लंबित वारंटों का निष्पादन, आगे भी जारी रहेगा अपराध मुक्त रांची का अभियान

रांची पुलिस ने इस सफल अभियान के बाद अपराधियों को कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है।

रांची. राजधानी में संगठित अपराध की कमर तोड़ने और कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए राँची पुलिस ने एक बार फिर अपनी विशेष रणनीति के तहत अपराधियों पर शिकंजा कसा है। “ऑपरेशन प्रहार” के दूसरे चरण के तहत राँची पुलिस की विभिन्न टीमों ने देर रात तक ज़बरदस्त दबिश देकर कई फरार अपराधियों, वारंटियों और संदिग्धों को धर दबोचा है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रांची पुलिस द्वारा 30 से ज्यादा अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और 135 से अधिक लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया।

देर रात तक चली ताबड़तोड़ छापेमारी

मिली जानकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराध नियंत्रण, कोर्ट के वारंटों के त्वरित निष्पादन और संगठित आपराधिक गिरोहों को कुचलने के लिए पुलिस द्वारा विशेष रणनीति तैयार की गई है। इस रणनीति को बीच-बीच में एक निश्चित समयावधि पर दोबारा एक्टिव किया जाता है। इसी कड़ी में बीते देर रात तक रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। अभियान के दौरान कई ऐसे आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं, जो महीनों से अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे थे। इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, सभी पुलिस उपाधीक्षक, सभी थानों के थाना प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान सड़कों और चिन्हित ठिकानों पर मुस्तैद दिखे। आला अधिकारियों की सीधी निगरानी के कारण टीम ने त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को घेराबंदी कर दबोचा।

आगे भी जारी रहेगा ‘प्रहार’

रांची पुलिस ने इस सफल अभियान के बाद अपराधियों को कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि शहर की सुरक्षा और अमन-चैन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत इस तरह की औचक छापेमारी और गिरफ्तारियों का सिलसिला भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके और अपराधियों के हौसले पस्त रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button