चुनाव आयोग ने झारखंड में की SIR की घोषणा, 23 मई को किया जाएगा अनमैप्ड मतदाताओं की सूची का प्रकाशन, 7 अक्टूबर तक संपन्न होगी SIR प्रक्रिया, जानिये कब क्या होगा..
झारखंड में 12 मई, 2026 तक मतदाताओं की कुल संख्या 2,64,89,777 हैं। SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के कार्य में संलग्न बीएलओ (BLOs) की वर्तमान संख्या 29,571 है एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए (BLAs) की अद्यतन संख्या 21,644 है।

नयी दिल्ली/रांची. चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तीसरे चरण की घोषणा कर दी है। इस चरण में झारखंड समेत 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) आयोजित किया जाएगा। SIR के तीसरे चरण की समय-सारणी जनगणना के साथ चल रहे मकान सूचीकरण के साथ साझा क्षेत्रीय मशीनरी को ध्यान में रखते हुए तय की गई है। इसके साथ ही, निर्वाचन नामावली का SIR चरण-III में हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख को छोड़कर पूरे देश को कवर करेगा। इन तीनों राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में जनगणना के दूसरे चरण की समाप्ति और ऊपरी इलाकों/बर्फबारी वाले क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर विचार करने के बाद, इनके लिए SIR कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जाएगी।
SIR के तीसरे चरण के दौरान, 3.94 लाख से अधिक बूथ स्तर के अधिकारी (BLOs) गणना चरण के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 3.42 लाख बूथ स्तर के एजेंटों (BLAs) की सहायता से 36.73 करोड़ मतदाताओं के घर-घर जाएंगे। BLOs और BLAs का राज्य/केंद्र शासित प्रदेश वार विवरण अनुबंध-II में दिया गया है।
Special Intensive Revision – Phase III
SIR to be conducted in phased manner in 16 States and 3 UTs
Read more : https://t.co/gAv53Frppn pic.twitter.com/bXMC7rjLj7
— Election Commission of India (@ECISVEEP) May 14, 2026
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) – चरण III के तहत झारखंड राज्य के लिए भी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण हेतु तैयारी पूर्व से ही निर्धारित है।
के रवि कुमार ने कहा कि इस क्रम में आगामी 23 मई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर सभी ‘अनमैप्ड मतदाताओं’ की सूची प्रकाशित की जाएगी। इस सूची में उनके बीएलओ के नाम और नंबर भी छपे होंगे। जिससे मतदाता अपनी मैपिंग के लिए अपने बीएलओ (BLO) से संपर्क कर सकें। उन्होंने कहा कि अनमैप्ड मतदाताओं की सूची की एक प्रति बीएलओ को भी दी जाएगी, ताकि वे ASDD सूची (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) को अंतिम रूप दे सकें, साथ ही शेष अनमैप्ड मतदाता गणना (Enumeration) फॉर्म के साथ संलग्न किए जाने वाले अपने दस्तावेजों को तैयार कर सकें ताकि घोषणा पत्र के साथ उन्हें प्रस्तुत किया जा सके।
के. रवि कुमार ने कहा कि एक भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से छुटे नहीं इसे लक्ष्य बनाकर कार्य किया जा रहा है। राज्य में प्रत्येक घरों तक उनके मतदान केंद्र क्षेत्र की बीएलओ द्वारा घर-घर विजिट कर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से आग्रह किया है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में आपका सहयोग अपेक्षित है।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण हेतु अर्हता तिथि दिनांक 1 अक्टूबर 2026 को निर्धारित करते हुए कार्यक्रम संसुचित किया गया है। तैयारी, प्रशिक्षण एवं मुद्रण 20 जून, 2026 से 29 जून, 2026 तक की जानी है। बीएलओ (BLO) द्वारा घर-घर विजिट कर मतदाताओं का सत्यापन 30 जून, 2026 से 29 जुलाई, 2026 तक किया जाना है। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण भी 29 जुलाई, 2026 तक किया जाना है। मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 5 अगस्त, 2026 को किया जाएगा। इसके उपरांत दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 5 अगस्त, 2026 से 4 सितम्बर, 2026 तक तय की गई है। नोटिस फेज तथा दावा व आपत्तियों के निस्तारण की अवधि 5 अगस्त, 2026 से 3 अक्टूबर, 2026 तक है एवं मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 7 अक्टूबर, 2026 को किया जाएगा ।
विदित हो कि झारखंड में 12 मई, 2026 तक मतदाताओं की कुल संख्या 2,64,89,777 हैं। SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के कार्य में संलग्न बीएलओ (BLOs) की वर्तमान संख्या 29,571 है एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए (BLAs) की अद्यतन संख्या 21,644 है।



