JharkhandHeadlinesRanchi

जनगणना कार्य में लापरवाही: रांची के तीन पदाधिकारियों को शोकॉज, अगले आदेश तक वेतन रोका गया, उपायुक्त ने कार्य की धीमी गति पर जताई नाराजगी

अनगड़ा, सोनाहातू एवं सिल्ली के प्रखंड विकास पदाधिकारियों के विरुद्ध शोकॉज जारी, वेतन पर रोक लगाने के निर्देश

रांची. उपायुक्त-सह-प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभागार में जिला अंतर्गत जनगणना कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना से संबंधित मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की गयी।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समीक्षा के दौरान कई प्रखंडों में कार्य की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी जताई गयी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की सकती। कार्य में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने अनगड़ा, सोनाहातू एवं सिल्ली के प्रखंड विकास पदाधिकारियों के विरुद्ध शोकॉज जारी करने तथा संबंधित पदाधिकारियों के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिये।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि पोर्टल में डेटा एंट्री कार्य की नियमित और सतर्क मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो और आंकड़े शत-प्रतिशत सटीक हों। उन्होंने कहा कि जनगणना न केवल प्रशासनिक बल्कि विकास योजनाओं की नींव है, अतः सभी संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता, जवाबदेही और समन्वय के साथ इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें।

बैठक में प्रभारी उपविकास आयुक्त सह पीडी आईटीडीए संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) कुमार रजत, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, निदेशक डीआरडीए सुदर्शन मुर्मू, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शेषनाथ बैठा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पाण्डेय, जिला सूचना पदाधिकारी राजीव कुमार, एडीएसएस रवि कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button