HeadlinesJharkhandRanchi

गैस एजेंसियों को हर हाल में एलपीजी गैस की होम डिलीवरी करना अनिवार्य, उपभोक्ताओं को लाइन में लगाया तो खैर नहीं, रांची के गैस गोदामों में होगी पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती, जिला प्रशासन ने दिया निर्देश

उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने साफ चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति, गैस एजेंसी संचालक या कर्मचारी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, ब्लैक मार्केटिंग या अनुचित मूल्य पर बिक्री करते पाए गए तो उनके विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाएगी

रांची. उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आज समाहरणालय कक्ष में जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता, होम डिलीवरी सुनिश्चित करने और कालाबाजारी रोकने को लेकर गैस तेल कंपनियों के उच्च अधिकारियों व प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक अनुमंडल पदाधिकारी राँची, कुमार रजत एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी राँची, रामगोपाल पांडेय भी उपस्थित थे।

एलपीजी गैस सिलेंडर की डिलीवरी हर हालत में उपभोक्ताओं के घर पर ही सुनिश्चित की जाए

बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने वर्तमान वस्तुस्थिति की समीक्षा करते हुए गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एलपीजी गैस सिलेंडर की डिलीवरी हर हालत में उपभोक्ताओं के घर पर ही सुनिश्चित की जाए। किसी भी उपभोक्ता को गैस गोदाम या डिपो से सिलेंडर उठाने के लिए ना भेजा जाए। होम डिलीवरी को अनिवार्य रूप से लागू किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि अगर किसी उपभोक्ता को तत्काल गैस की आवश्यकता हो तो वह गैस एजेंसी से 5 किलोग्राम का छोटा सिलेंडर तत्काल ले सकता है। इसके अलावा सामान्य 14.2 किग्रा सिलेंडर की डिलीवरी केवल घर पर ही होगी।

कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी

उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री ने साफ चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति, गैस एजेंसी संचालक या कर्मचारी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, ब्लैक मार्केटिंग या अनुचित मूल्य पर बिक्री करते पाए गए तो उनके विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी इस मामले की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

गैस गोदामों में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ स्थानों पर पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती के निर्देश

गैस गोदामों में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ स्थानों पर पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की जाएगी। गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी परिस्थिति में गोदाम से सीधे सिलेंडर का वितरण न किया जाए। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि आने वाले समय में गैस की सप्लाई प्रभावित होने की संभावना है। उपायुक्त ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे पैनिक बुकिंग न करें। केवल अपनी तय बुकिंग सीमा के अनुसार ही बुकिंग करें, ताकि व्यवस्था बनी रहे और सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके।

उपायुक्त ने सभी जिले वासियों से अपील की है कि गैस सिलेंडर के लिए लाइन में ना लगे। सभी ग्राहकों को उनके घर पर ही होम डिलीवरी की जाएगी। केवल अति-आवश्यक स्थिति में ही 5 किलोग्राम का छोटा सिलेंडर गैस एजेंसी से लिया जा सकता है। बैठक में गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि उपभोक्ताओं की सुविधा और गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button