नए साल का स्वागत: पर्यटकों ने प्रकृति की गोद में बिताया पल, रांची से नेतरहाट तक नए साल का स्वागत करने पहुंचे लाखो सैलानी, मंदिरो और चर्चो में भी रही भीड़
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने रांची के राजभवन में जाकर राज्यपाल संतोष गंगवार को नए साल की बधाई और शुभकामनाएं दी।

रांची. नए साल 2025 के पहले दिन आज पर्यटन केंद्रों में पर्यटकों की भारी भीड़ रही। रांची से नेताहाट और देवघर से पतरातू तक लाखो सैलानी नया साल का स्वागत करने पहुंचे। पर्यटकों ने प्रकृति की गोद में पल बिताया और जमकर पिकनिक का आनंद लिया। रांची के धुर्वा डैम, जोन्हा फॉल, सीता फॉल, दशम फॉल, गेतलसूद डैम, पतरातू, ओरमांझी स्थित बिरसा जैविक उद्यान, बायो डाइवर्सिटी पार्क समेत अन्य पर्यटन केंद्रों में पर्यटकों ने जमकर मस्ती की। पर्यटन केंद्रों में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गयी थी। जिला प्रशासन और गोताखोरों की टीम मुस्तैद दिखी। लोगो ने ढलते शाम के साथ अपनी घर वापसी की।
भगवान से मंगलमय वर्ष की कामना: नव वर्ष 2025 के पहले दिन आज मंदिरो और गिरजा घरो में भी विशेष प्रार्थना की गयी। लोगो ने ईश्वर से मंगलमय और समृद्ध वर्ष की कामना की। सुबह से ही मंदिरो में भक्तो की भारी भीड़ देखने को मिली। आज सुबह 4 बजे से ही रांची के पहाड़ी मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए भक्त कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को दी बधाई: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने रांची के राजभवन में जाकर राज्यपाल संतोष गंगवार को नए साल की बधाई और शुभकामनाएं दी।