HeadlinesJharkhandRanchi

कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, बीजेपी ने धुर्वा थाने का किया घेराव

रांची: राजधानी रांची में एक नाबालिग आदिवासी बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है. सिमडेगा की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी ने कांग्रेस विधायक भूषण बाडा पर दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. किशोरी के आवेदन के आधार पर रांची के विधानसभा थाना में विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस पूरे प्रकरण में दो महिलाओं की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, जिन पर किशोरी को बहला-फुसलाकर विधायक आवास तक लाने का आरोप है. घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता रांची के धुर्वा थाना पहुंचे, जिससे थाने में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा.

पढ़ाई का झांसा देकर विधायक आवास ले गई थीं महिलाएं:

पुलिस को दिए लिखित आवेदन में पीड़िता ने बताया कि मई 2026 में एमा बाडा और जोसिमा खाखा नाम की दो महिलाएं उसे पढ़ाई कराने और स्कूल में नामांकन दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ ले गई थीं. पहले उसे सिमडेगा स्थित विधायक आवास ले जाया गया और बाद में रांची लाया गया. किशोरी का आरोप है कि वहां उससे पढ़ाई कराने के बजाय घरेलू काम कराया जाने लगा. काम में जरा सी गलती या देरी होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी, गालियां दी जाती थीं और ठीक से खाना भी नहीं दिया जाता था.

विरोध करने पर दी जाती थी धमकी, 5 अगस्त को हुई दरिंदगी:

किशोरी के अनुसार, दोनों स्थानों पर उसके साथ लगातार दुर्व्यवहार होता रहा और विरोध करने पर डराया जाता था. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 5 अगस्त 2026 को रांची स्थित विधायक आवास संख्या-12 में दोपहर के समय विधायक भूषण बाड़ा ने उसके साथ जबरदस्ती की. विरोध करने के बावजूद उसका मुंह बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया.

मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी, गांव लौटकर बताई आपबीती:

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारकर फेंकवा देने की धमकी दी गई थी. भयभीत किशोरी अगले दिन किसी तरह वहां से निकलकर अपने गांव सिमडेगा पहुंची. घर लौटने के बाद शारीरिक प्रताड़ना के कारण उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button