HeadlinesJharkhandRanchi

रांची में 69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य उदघाटन, पहले ही दिन झारखंड की शानदार शुरुआत, अंडर 17 बालिका वर्ग मुकाबले में झारखंड ने हिमाचल प्रदेश को हराया

रांची: राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 से अंडर-17 बालिका वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता का आज भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन माननीय पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया। उद्घाटन समारोह राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल परंपरा की झलक प्रस्तुत करता नजर आया। इस अवसर पर पारंपरिक नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण माहौल ने खिलाड़ियों में जोश, उमंग और खेल भावना का संचार किया। मंत्री ने खिलाड़ियों से मर्यादित खेल भावना का पालन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की और उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं। उद्घाटन समारोह में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के अलावा माननीय विधायक सुरेश बैठा, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, बीआईटी मेसरा के कार्यकारी कुलपति डॉ. भास्करण, डॉ. डी.के. सिंह (कुलपति, झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, नामकुम रांची), डॉ. सुदीप दास (रजिस्ट्रार, बीआईटी मेसरा) तथा शिवेंद्रनाथ दुबे (कोषाध्यक्ष, झारखंड ओलंपिक संघ) की उपस्थिति रही। 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14 से अंडर-17 बालिका वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता में 39 राज्यों एवं इकाइयों से 1,166 खिलाड़ी और 155 कोच तथा टीम मैनेजर शामिल हो रहे है।

अतिथि खिलाड़ियों को पर्यटन केंद्रों का भ्रमण कराएगा पर्यटन विभाग:

उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि इस खेल आयोजन के अवसर पर रांची पहुंचे विभिन्न राज्यों एवं संघो के खिलाड़ियों को पर्यटन विभाग नजदीकी पर्यटन केंद्रों का भ्रमण कराएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने गृह राज्य लौटे तो वे झारखंड के सुखद अनुभवों को साथ ले जाए। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और अन्य राज्यों से आये कोच, मैनेजर को आश्वस्त किया कि उनके आवासन, भोजन और अन्य सुविधाओं में कोई कमी नहीं होगी। माननीय मंत्री ने कहा कि बीआईटी मेसरा के परिसर में आज समूचा देश उमड़ आया है। उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय उच्च विद्यालय, कांके की बैंड टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चे ना केवल अपने राज्य का बल्कि अपने शहर और माता पिता का भी प्रतिनिधित्व कर रहे है। यह खेल हमे एक साथ जोड़ने की भावना है। खिलाड़ी खेल के साथ साथ अनुशासन, नेतृत्व कौशल और राष्ट्रीय एकता का प्रदर्शन करे। उन्होंने बालिकाओं की खेलों में बढ़ती भागीदारी को राज्य के लिए गर्व का विषय बताया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए झारखंड शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन ने कहा कि राज्य में स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में जो बच्चे विजयी होते है, उन्हें राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण दिया जाता है। फुटबॉल हमारे देश का अत्यंत लोकप्रिय खेल है। लोग इसे ना केवल खेलते है, बल्कि इसे जीते है। उन्होंने कहा कि खेल के दौरान झारखंड में खिलाड़ियों के भोजन एवं आवासन की उच्च स्तर कि व्यवस्था की गयी है। उन्होंने कहा कि 68वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल की मेजबानी के दौरान कुशल प्रबंधन के लिए झारखंड को राष्ट्रीय प्रबंधन में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है, साथ ही खेलो झारखंड के तहत राज्य के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को निरंतर प्रशिक्षण और मंच प्रदान किया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दिल जीता, तो नेत्रहीन विद्यार्थियों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया:

उद्घाटन समारोह की शुरुआत नागपुरी लोकगीतों के धुनों से हुई। समारोह में सत. मिखाइल नेत्रहीन विद्यालय के बच्चो ने अपनी सुरीली आवाज से अतिथियों का ‘सुमंगलम, शुभ स्वागतम’ गीत गाकर अभिनंदन किया। राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता के लिए चयनित पाइप बैंड विजेता कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय, कांके और कैराली स्कूल की बैंड टीम ने मार्च पास्ट का नेतृत्व कर अनुशासन, सामूहिक एकता और जोश का प्रदर्शन किया। मार्च पास्ट की शुरुआत आंध्रप्रदेश की टीम से हुआ, उसके बाद सभी 39 राज्यों एवं संघो की टीमों ने कदमताल करते हुए मार्च पास्ट किया। झारखंड टीम की कप्तान पूर्णिमा कुमारी ने सभी खिलाड़ियों को शपथ दिलाया। ‘जय हो’ गीत पर प्रस्तुत नृत्य ने सभी में जोश भर दिया। उद्घटान समारोह का समापन “कते सुंदर हमर झारखंड” संगीत पर मनमोहक प्रस्तुति और भव्य आतिशबाजी के साथ हुआ।

आज हुए कई रोमांचक मुकाबले:

बीआईटी मेसरा स्पोर्ट्स कंपलेक्स फुटबॉल मैदान में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता अंडर-17 बालिका वर्ग के उद्घाटन लीग मैचों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मैच में झारखंड ने हिमाचल प्रदेश को 9–0 से पराजित करते हुए शानदार जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में मणिपुर ने एनवीएस को 7–0 से हराया। वहीं, हरियाणा ने एबीएसओ को 7–0, राजस्थान ने लक्षद्वीप को 6–0 तथा महाराष्ट्र ने छत्तीसगढ़ को 2–1 से पराजित किया। जबकि अंडर-14 बालिका वर्ग के प्रथम लीग मुकाबले में झारखंड और उत्तर प्रदेश के बीच मैच ड्रॉ रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

j Back to top button