
रांची: दुर्गा पूजा के मौके पर राज्य सरकार की ओर से मंईयां सम्मान योजना की लाभुकों को सितंबर माह की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है। रांची जिले में रविवार को 3,87,584 लाभुकों के खातों में 96.89 करोड़ रुपए भेजे गए हैं। लाभुकों को डीबीटी के माध्यम से पैसे भेजे गए हैं। प्रत्येक लाभुक को 2,500 रुपए का भुगतान किया गया है। दुर्गा पूजा में चालू माह की सम्मान राशि मिलने से लाभुकों के चेहरे पर खुशी देखी जा रही है। क्योंकि, पूजा के दौरान काफी खर्च रहता है। अब उक्त पैसे से दुर्गा पूजा के दौरान खरीदारी बढ़ेगी। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर राज्य सरकार द्वारा झारखंड की महिलाओं को विशेष उपहार स्वरूप मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना अंतर्गत सितंबर माह की सम्मान राशि का भुगतान किया जा रहा है। इस योजना के तहत रांची जिले की कुल 3 लाख 87 हजार 584 महिलाओं के बैंक खातों में आधार बेस्ड डायरेक्ट… pic.twitter.com/h2reJFjrTl
— DC Ranchi (@DC_Ranchi) September 28, 2025
इस योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ उनकी आत्मनिर्भरता की राह भी खुल रही है। मंईयां सम्मान योजना की हजारों महिलाओं को अब भी सम्मान राशि मिलने का इंतजार है। इसमें हजारों महिलाएं ऐसी हैं जिन्हें एक से तीन माह की राशि मिली थी,लेकिन बाद में सत्यापन के नाम पर उनकी राशि होल्ड पर रख दी गई है। कई लाभुक ऐसी हैं जिनके आवेदन का सत्यापन हो गया है,लेकिन जिला से उन्हें पैसे नहीं भेजे गए। इस वजह से आर्थिक रूप से कमजोर महिलांए काफी मायूस हैं।



