
रांची: हेमंत सोरेन सरकार 2.0 के मंत्रियों का पेंच सुलझ गया है। मंत्रिमंडल का विस्तार 5 दिसंबर को हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, बुधवार को राजभवन में मंत्रियों की लिस्ट सौंप दी जाएगी। गुरुवार दोपहर 12 बजे राजभवन में ही शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।
सीएम हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में अकेले शपथ लिया था। कांग्रेस के मंत्रियों का नाम तय नहीं होने के कारण मंत्रिमंडल की शपथ नहीं हो सकी थी। कांग्रेस में विधायक दिल्ली में मंत्री पद के लिए लॉबिंग कर रहे थे।
राहुल गांधी से प्रदेश अध्यक्ष की हुई थी मुलाकात:
दो दिसंबर को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने कांग्रेस के विधायकों की सूची आलाकमान को सौंप दी है।
मुलाकात के बाद सोमवार रात गुलाम अहमद मीर ने मीडिया से कहा था- सीएम हेमंत सोरेन जब मंत्रिमंडल के विस्तार की तारीख देंगे, उसके एक दिन पहले मंत्रियों की सूची उनको सौंप दी जाएगी।
मंत्रिमंडल में 6-4-1 का फॉर्मूला:
बताया जा रहा है कि हेमंत सोरेन की नई सरकार में पुराने फॉर्मूले को ही बरकरार रखा जाएगा। JMM के 6, कांग्रेस के 4 और राजद की ओर से एक विधायक मंत्री बनेंगे। इस बार कांग्रेस विधायक दल का नेता और मंत्री पद अलग-अलग विधायकों को देने की तैयारी में हैं। भाकपा माले सरकार में शामिल नहीं होगा।
23 नवंबर को आए चुनावी नतीजे में JMM लीड INDIA ब्लॉक को 81 में से 56 सीटों पर जीत मिली थी। इसमें JMM 34, कांग्रेस 16, राजद 4 और भाकपा माले ने दो सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, BJP लीड NDA 24 सीटों पर सिमट गया था।
JMM कोटे से इनके मंत्री बनने की संभावना:
JMM कोटे से मंत्री पद के लिए रामदास सोरेन, दीपक बिरुआ, मथुरा महतो, हफीजुल हसन का नाम आगे चल रहा है। साथ ही लुईस मरांडी और भवनाथपुर से जीते अनंत प्रताप देव का नाम भी चर्चा में है। लुईस को मंत्री बनाकर हेमंत एक साथ महिला, आदिवासी, क्रिश्चियन और संथाल को साधेंगे। वहीं, मिथिलेश ठाकुर की हार के बाद फारवर्ड कोटे से अनंत प्रताप देव की किस्मत खुल सकती है।
कांग्रेस में क्षेत्रीय, जातीय व महिला समीकरण पर ध्यान:
कांग्रेस के भीतर मंत्री पद को लेकर विमर्श चल रहा है। इसमें क्षेत्रीय समीकरण, जातीय समीकरण और महिला समीकरण को देखा जा रहा है। इसके अलावा नए चेहरों के साथ ही पुराने चेहरों पर भी विचार किया जा रहा है। पुराने चेहरों में रामेश्वर उरांव, दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी शामिल हैं। जबकि नए में जय मंगल सिंह, रामचंद्र सिंह, ममता देवी, नमन विक्सल कोंगाड़ी के नाम चर्चा में हैं।
राजद कोटे से सुरेश पासवान का नाम आगे:
राजद के एक विधायक को भी मंत्री पद दिया जाएगा। सुरेश पासवान को राजद विधायक दल का नेता बनाया गया है। उनके ही मंत्री बनने की प्रबल संभावना है। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव और प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव भी दावेदारों की सूची में हैं।