
नयी दिल्ली. मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में झारखंड के दो सांसदों को केंद्रीय कैबिनेट में शामिल किया गया है। कोडरमा से सांसद अन्नपूर्णा देवी ने केद्रीय मंत्री की शपथ ली है। वहीं, रांची से सांसद संजय सेठ ने राज्यमंत्री के रूप में शपथ ली।बता दें कि कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी और रांची सांसद संजय सेठ दोनों दूसरी बार सांसद चुने गए हैं। अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड में सबसे बड़े अंतर से लोकसभा का चुनाव जीता है। झारखंड की 14 में से आठ सीटों पर बीजेपी और एक सीट सहयोगी आजसू पार्टी को जीत मिली है। बीजेपी सांसद अन्नपूर्णा देवी पहले भी मोदी कैबिनेट का हिस्सा थीं।
लगातार दूसरी बार केंद्रीय मंत्री बनी अन्नपूर्णा देवी:
सांसद के रूप में अन्नपूर्णा देवी का यह दूसरा कार्यकाल होगा। लगातार दूसरी बार वो केंद्रीय मंत्री बनी है। 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले वह आरजेडी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई थीं। राजद में रहने के दौरान उन्हें लालू प्रसाद यादव की करीबी नेताओं में से एक माना जाता था। बीजेपी में उन्हें संगठन और सरकार दोनों में बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई। 2019 में लोकसभा चुनाव जीतने के बाद उन्हें पहले झारखंड प्रदेश का उपाध्यक्ष बनाया गया था। बाद में बीजेपी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और हरियाणा का सह प्रभारी भी बनाया गया था। वह झारखंड और बिहार से चार बार विधायक भी रह चुकी हैं। उन्होंने झारखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा वो सिंचाई, महिला एवं बाल कल्याण जैसे विभागों की मंत्री रही हैं।
मोदी कैबिनेट में पहले भी झारखंड को मिली थी अहम जिम्मेदारी:
पीएम मोदी के दोनों कार्यकाल में झारखंड को कैबिनेट में अहम जिम्मेदारी मिली थी। वर्ष 2014 में पहली बार पीएम मोदी कैबिनेट में सुदर्शन भगत को जनजातीय मामलों के राज्यमंत्री और जयंत सिन्हा को वित्त और नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री बनाया गया था। वहीं, दूसरी कार्यकाल में अर्जुन मुंडा और अन्नपूर्णा देवी को मौका मिला था।